-
लाखों श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
बालेश्वर। जिले के रेमुणा प्रखंड अंतर्गत बालगोपालपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित इमामी नगर में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र, देवी सुभद्रा एवं सुदर्शन की पवित्र बाहुड़ा यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज्ञामाला अर्पण के बाद मंगलार्पण, धाड़ी पहंडी, चारिआ लागी सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान शास्त्रोक्त विधि-विधान से संपन्न किए गए। इस अवसर पर इमामी पेपर मिल के मुख्य प्रबंध निदेशक सुशील कुमार गोयनका ने पारंपरिक ‘छेरा पहंरा’ की रस्म श्रद्धापूर्वक निभाई।
सुसज्जित रथ पर विराजमान भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र, देवी सुभद्रा और सुदर्शन के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित किया। शोभायात्रा के दौरान नृत्य-संगीत और धार्मिक जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इसके बाद माता लक्ष्मी के अभिमान से जुड़ी पारंपरिक ‘लक्ष्मी-नारायण कलह’ की रस्म आयोजित की गई। परंपरा के अनुसार रसगुल्ला भोग का वितरण भी किया गया। रात करीब 10 बजे महाप्रभु की नीलाद्रि बिजे की रस्म संपन्न होने के साथ रथयात्रा महोत्सव का विधिवत समापन हुआ।
मंदिर प्रशासन के प्रमुख सुशील गोयनका के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में इमामी पेपर मिल के लेडीज क्लब के सदस्यों तथा रथयात्रा कमेटी के सहयोग से पूरे महोत्सव का सुचारु संचालन किया गया। कंपनी के कर्मचारियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।
बाहुड़ा यात्रा में बालेश्वर जिलाधिकारी सूर्यवंशी मयूर विकास, उपजिलाधिकारी मालविका, नीलगिरि उपजिलाधिकारी सुकृति रथ, रेमुणा विधायक एवं ओडिशा विधानसभा के उप मुख्य सचेतक गोविंद चंद्र दास, श्रमिक नेता सुवेंदु मंगराज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
आयोजन के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन में सभी के सहयोग, समर्पण और बेहतर समन्वय के लिए इमामी पेपर मिल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार पाढ़ी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
पवित्र अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण के साथ सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था भी की गई थी। रथयात्रा महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम भजन संध्या, सेवा, नाम संकीर्तन तथा वृंदावन से आए प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन आयोजनों ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
