Home / Odisha / सीएमओ फाइल चोरी मामले में वीके पांडियन ने मांगी मोहलत

सीएमओ फाइल चोरी मामले में वीके पांडियन ने मांगी मोहलत

  •     विदेश में होने के कारण बयान दर्ज कराने के लिए नहीं हुए पेश

  •     ई-मेल के जरिए कहा- भारत लौटने पर जांच में सहयोग करूंगा

  •     चाहें तो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से दर्ज करें बयान

भुवनेश्वर। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से महत्वपूर्ण फाइलों के कथित चोरी मामले में पूर्व आईएएस अधिकारी और बीजद नेता वीके पांडियन ने पुलिस के समक्ष निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने में असमर्थता जताई है। उन्होंने पुलिस को ई-मेल भेजकर बताया कि वह वर्तमान में विदेश में हैं, इसलिए 25 जुलाई को कैपिटल थाना में उपस्थित नहीं हो सकते।

पांडियन ने अपने ई-मेल में कहा है कि वह भारत लौटने के बाद जांच में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि यदि आवश्यक हो तो उनका बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी दर्ज किया जा सकता है।

गौरतलब है कि पुलिस ने 22 जुलाई को नोटिस जारी कर पांडियन को 25 जुलाई को सुबह 11 बजे एसीपी जोन-1 रमेश चंद्र बिसोई के समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था। यह नोटिस कैपिटल थाना कांड संख्या-460, दिनांक 10 जून 2026 के तहत दर्ज सीएमओ फाइल चोरी मामले की जांच के सिलसिले में जारी किया गया था।

इस मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय से कई महत्वपूर्ण फाइलों के गायब होने की जांच की जा रही है। इनमें वर्ष 2008 में विश्व हिंदू परिषद के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या से संबंधित रिपोर्ट तथा वर्ष 2016 की सम अस्पताल अग्निकांड से जुड़ी फाइलें भी शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है। हालांकि पांडियन के ई-मेल के बाद पुलिस आगे क्या कदम उठाएगी, इस पर अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। राजनीतिक दृष्टि से संवेदनशील इस मामले पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …