-
एसजेटीए ने पांच प्रमुख ट्रेडमार्क हासिल करने में पायी बड़ी सफलता
-
‘जगन्नाथ धाम’, ‘श्रीक्षेत्र’, ‘महाप्रसाद’, ‘नीलचक्र’ और ‘कोइली बैकुंठ’ के आवेदन ट्रेडमार्क जर्नल में प्रकाशन के लिए स्वीकृत
भुवनेश्वर। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने भगवान जगन्नाथ से जुड़ी पवित्र परंपराओं और श्रीमंदिर की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। ट्रेडमार्क पंजीकरण अभियान के तहत ट्रेडमार्क रजिस्ट्री की दूसरी चरण की जांच के बाद पांच महत्वपूर्ण ट्रेडमार्क आवेदनों को आगामी ट्रेडमार्क जर्नल में प्रकाशन के लिए मंजूरी मिल गई है।
स्वीकृत ट्रेडमार्क में ‘जगन्नाथ धाम‘, ‘श्रीक्षेत्र‘, ‘महाप्रसाद‘, ‘नीलचक्र‘ और ‘कोइली बैकुंठ‘ शामिल हैं। एसजेटीए के अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य श्रीजगन्नाथ मंदिर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े इन पवित्र नामों और प्रतीकों के अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग को रोकना है।
प्रशासन का कहना है कि इन ट्रेडमार्कों के पंजीकरण से भगवान जगन्नाथ, श्रीमंदिर और उससे जुड़ी धार्मिक परंपराओं के पवित्र नामों के दुरुपयोग पर प्रभावी कानूनी रोक लगाई जा सकेगी। इससे इन नामों और प्रतीकों का संरक्षण सुनिश्चित होगा तथा उनकी गरिमा और पवित्रता बनी रहेगी।
एसजेटीए ने इससे पहले भी श्रीमंदिर से जुड़े विभिन्न नामों और प्रतीकों के ट्रेडमार्क पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की थी। यह नई सफलता जगन्नाथ संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। अधिकारियों का मानना है कि इससे देश-विदेश में श्रीजगन्नाथ परंपरा के सम्मान और कानूनी संरक्षण को और अधिक बल मिलेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
