-
राज्य के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत का ऐलान
-
ओडिशा सरकार उठाएगी पूरा खर्च
-
स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने की घोषणा
-
गोपबंधु आरोग्य योजना के 121 उपचार पैकेजों में शामिल हुई कैंसर चिकित्सा
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने राज्य के कैंसर मरीजों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने घोषणा की कि अब कैंसर का इलाज भी आयुष्मान भारत योजना के तहत उपलब्ध कराया जाएगा। इस निर्णय से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को महंगे कैंसर उपचार के लिए वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री कैंसर आरोग्य योजना को राज्य के बजट में शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही कैंसर उपचार को गोपबंधु आरोग्य योजना के अंतर्गत उपलब्ध 121 उपचार पैकेजों में भी शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। इससे आर्थिक तंगी के कारण किसी भी मरीज को इलाज से वंचित नहीं होना पड़ेगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ, व्यापक तथा प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कैंसर उपचार को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह पहल ओडिशा में स्वास्थ्य अवसंरचना को और मजबूत करेगी तथा नागरिकों को व्यापक चिकित्सा सुरक्षा प्रदान करने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे विशेष रूप से गरीब एवं वंचित वर्ग के मरीजों को अत्याधुनिक कैंसर उपचार का लाभ मिल सकेगा और उन्हें उपचार के लिए आर्थिक बोझ का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
