Home / Odisha / रथयात्रा से पहले ओडिशा में कोविड-19 को लेकर अलर्ट

रथयात्रा से पहले ओडिशा में कोविड-19 को लेकर अलर्ट

  •     आंध्र प्रदेश में बढ़ते मामलों के मद्देनजर गंजाम जिले में विशेष निगरानी

  •     संदिग्ध मरीजों की कोविड जांच अनिवार्य

  •     स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

  •     अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड, ऑक्सीजन और दवाइयों की पूरी तैयारी के निर्देश

भुवनेश्वर/ब्रह्मपुर। भगवान श्रीजगन्नाथ की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा 2026 से पहले पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए ओडिशा सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए निगरानी और स्वास्थ्य तैयारियों को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने लोक सेवा भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।

बैठक में स्वास्थ्य सचिव, जनस्वास्थ्य निदेशक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। अधिकारियों ने रथयात्रा के दौरान देशभर और विदेशों से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के बीच संक्रमण फैलने की किसी भी संभावना को रोकने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की। बैठक में निगरानी प्रणाली को और सशक्त बनाने, अस्पतालों की तैयारी, जांच व्यवस्था तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क

स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथयात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी स्वास्थ्य संस्थानों को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहना होगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यभर में कोविड संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे।

आंध्र सीमा से लगे गंजाम जिले में विशेष सतर्कता

आंध्र प्रदेश में कोविड मामलों में बढ़ोतरी के कारण सबसे अधिक सतर्कता गंजाम जिले में बरती जा रही है, क्योंकि यह जिला सीधे आंध्र प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है।

स्वास्थ्य सेवाएं हाई अलर्ट पर

मुख्य जिला चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य अधिकारी (सीडीएम एवं पीएचओ) ने सिटी अस्पताल, सभी उपमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी चिकित्सा अधिकारियों को राज्य सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी संशोधित कोविड दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।

गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमितमरीजों की कोविड जांच होगी अनिवार्य

नई व्यवस्था के तहत गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण (एसएआरआई) से पीड़ित सभी भर्ती मरीजों की कोविड-19 जांच अनिवार्य कर दी गई है। इसके अलावा इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) के लक्षण वाले कम से कम पांच प्रतिशत मरीजों की रैंडम कोविड जांच भी कराई जाएगी।

अस्पतालों को पूरी तैयारी रखने के निर्देश

स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को संभावित मामलों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने का निर्देश दिया है। अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड सक्रिय रखने, ऑक्सीजन युक्त बिस्तरों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ऑक्सीजन प्लांट, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और ऑक्सीजन सिलेंडरों को हर समय कार्यशील स्थिति में रखने को कहा गया है।

इसके अलावा स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की नियमित जांच करने और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार रखने पर जोर

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को ओआरएस, पैरासिटामोल, जिंक, विटामिन-ए, विटामिन-बी2, एजीथ्रोमाइसिन सहित अन्य आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि संक्रमण के मामलों में वृद्धि होती है तो मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

बुखार और श्वसन रोगों पर रहेगी विशेष निगरानी

सभी स्वास्थ्यकर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों के मामलों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी क्षेत्र में ऐसे मामलों में असामान्य वृद्धि दिखाई देती है तो उसकी तत्काल सूचना जिला स्वास्थ्य प्रशासन को देने के लिए कहा गया है, ताकि समय रहते जांच और नियंत्रण के उपाय किए जा सकें।

जरूरत पड़ने पर जारी होगी नई एडवाइजरी

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि आंध्र प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि संक्रमण की स्थिति बदलती है या किसी प्रकार का जोखिम बढ़ता है तो रथयात्रा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …