भुवनेश्वर: ओडिशा के राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इंडोनेशिया की संसद की अध्यक्ष पुआन महारानी को आधिकारिक यात्रा के दौरान ओडिशा की प्रसिद्ध इकट (बंधा) सिल्क भेंट किए जाने को राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया है।
सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कदम ओडिशा की समृद्ध हस्तकरघा परंपरा और बुनकरों की उत्कृष्ट शिल्पकला को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाने वाला है।
उन्होंने कहा कि यह भावपूर्ण पहल प्राचीन कलिंग और दक्षिण-पूर्व एशिया के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को भी सशक्त रूप से दर्शाती है। राज्यपाल ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कूटनीतिक और सांस्कृतिक प्रयासों के माध्यम से ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
