-
अनुगोल, बालेश्वर और संबलपुर में ई-मेल मिलने के बाद अफर-तफरी
-
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, तीनों अदालत परिसरों को कराया गया खाली
-
बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ते ने चलाया सघन तलाशी अभियान
-
बालेश्वर में तमिल भाषा में लिखा था ईमेल
भुवनेश्वर/संबलपुर। ओडिशा के अनुगोल, बालेश्वर और संबलपुर जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। दोनों अदालतों को ई-मेल के माध्यम से विस्फोट की धमकी दी गई, जिसके बाद एहतियातन अदालत परिसरों को तत्काल खाली करा लिया गया और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
अनुगोल जिला न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत पूरे न्यायालय परिसर को खाली कराया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और श्वान दस्ते को मौके पर बुलाकर परिसर के चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली गई।
इसी तरह संबलपुर जिला न्यायालय के रजिस्ट्रार कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल पूरे परिसर को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते के साथ सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर दोनों जिला अदालत परिसरों को पूरी तरह खाली करा दिया गया है। फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं थी।
जांच एजेंसियां धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ कर दिया गया है।
बालेश्वर में आज दोपहर करीब 2:05 बजे डिस्ट्रिक्ट और सेशन जज के ऑफिस में तमिल भाषा में लिखा एक ईमेल मिला, जिसमें बम से धमाका करने की धमकी दी गई थी। इस धमकी के बाद कोर्ट परिसर में तनाव फैल गया। धमाके की चेतावनी वाले इस मैसेज से वकीलों, स्टाफ और वहां मौजूद लोगों में तुरंत अफरातफरी मच गई।
लोग आनन-फानन में परिसर से बाहर निकलने लगे, जिससे कोर्ट की कार्यवाही रोक दी गई। पुलिस ने तुरंत इलाके की घेराबंदी की और डॉग स्क्वॉड व बम निरोधक दस्ते को बुलाकर गहन तलाशी अभियान चलाया। जब टीमें संदिग्ध वस्तुओं की तलाश कर रही थीं, तब कोर्ट परिसर में लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
