-
आंध्र प्रदेश में दो लोगों की मौत के बाद निगरानी और सतर्कता बढ़ी
-
राज्य में संदिग्ध मरीजों की हो रही है नियमित जांच
-
संक्रमण की स्थिति पर राज्य सरकार लगातार नजर
भुवनेश्वर। पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में कोविड-19 से दो लोगों की मौत के बाद ओडिशा सरकार ने सीमावर्ती जिलों में कोविड निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। वार्षिक रथयात्रा को देखते हुए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने और सभी आवश्यक एहतियाती उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा विशेष रुप से आंध्र प्रदेश से सटे सभी जिलों के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सीडीएमओ को विशेष निर्देश जारी
जन स्वास्थ्य निदेशक डॉ रवीन्द्र नाथ मिश्र ने सोमवार को बताया कि आंध्र प्रदेश से सटे ओडिशा के सभी जिलों के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों (सीडीएमओ) को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें कोविड-19 की निगरानी तेज करने तथा सभी संदिग्ध मरीजों की जिला मुख्यालय अस्पतालों में अनिवार्य रूप से जांच कराने के लिए कहा गया है।
राज्य में कोविड मामलों में कमी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, राज्य में कोविड मामलों में कमी आने के बावजूद निगरानी व्यवस्था लगातार जारी है। संदिग्ध मरीजों की नियमित जांच की जा रही है तथा पड़ोसी राज्यों में संक्रमण की स्थिति पर भी सरकार लगातार नजर बनाए हुए है।
कोविड जैसे लक्षण पाए जाने पर तत्काल होगी जांच
यह परामर्श ऐसे समय जारी किया गया है जब आगामी रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने की संभावना है। राज्य के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल इस महापर्व को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रथ यात्रा के दौरान यदि किसी व्यक्ति में कोविड जैसे लक्षण पाए जाते हैं तो उसकी तत्काल जांच की जाएगी और मौजूदा कोविड उपचार प्रोटोकॉल के अनुसार इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।
लोगों से भी सतर्क रहने और कोविड-उपयुक्त व्यवहार अपनाने की अपील
डॉ रवीन्द्र ना मिश्र ने लोगों से भी सतर्क रहने और कोविड-उपयुक्त व्यवहार अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश से सटे सभी जिलों के मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अनावश्यक भीड़भाड़ और सामाजिक आयोजनों से बचें
लोगों से अपील है कि वे अनावश्यक भीड़भाड़ और सामाजिक आयोजनों से बचें, आवश्यकता पड़ने पर मास्क पहनें तथा नियमित रूप से हाथ धोएं। यदि किसी व्यक्ति को बुखार, खांसी, कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों या वह किसी संदिग्ध कोविड मरीज के संपर्क में आया हो, तो वह तुरंत निकटतम अस्पताल में जाकर जांच कराए तथा निर्धारित उपचार प्रोटोकॉल और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
