Home / Odisha / बंगाल के तट पर बड़ा समुद्री हादसा, नौ मछुआरों की मौत

बंगाल के तट पर बड़ा समुद्री हादसा, नौ मछुआरों की मौत

  •     लापता ट्रॉलर से नौ के शव बरामद, छह अब भी लापता

  •     लापता लोगों में ओडिशा के बालेश्वर जिले के तीन सगे भाई भी शामिल

  •     2 जुलाई को हिल्सा मछली पकड़ने निकला था ट्रॉलर

भुवनेश्वर/कोलकाता। पश्चिम बंगाल के तट पर हुए एक दर्दनाक समुद्री हादसे में लापता ट्रॉलर से नौ मछुआरों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि छह मछुआरे अब भी लापता हैं, जिसमें तीन ओडिशा के हैं। बचाव दल समुद्र के विभिन्न हिस्सों में उनकी तलाश में जुटा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, यह ट्रॉलर 2 जुलाई को पश्चिम बंगाल के शंकरपुर फिश लैंडिंग सेंटर से हिल्सा मछली पकड़ने के लिए 15 मछुआरों को लेकर समुद्र में निकला था। चालक दल से 4 जुलाई तक संपर्क बना रहा, लेकिन इसके बाद ट्रॉलर से सभी प्रकार का संपर्क टूट गया।

4 जुलाई तक क्रू से संपर्क बना रहा, जिसके बाद संपर्क टूट गया। बड़े पैमाने पर तलाशी के बाद रविवार को यह ट्रॉलर बक्खाली से लगभग 16 किलोमीटर दूर रक्तचर द्वीप के पास मिला। गोवर्धनपुर पुलिस, वन विभाग और भारतीय तटरक्षक बल की एक संयुक्त टीम नाव को विस्तृत तलाशी के लिए गोवर्धनपुर के सीतारामपुर ले आई। इसके बाद गोबरधनपुर पुलिस, वन विभाग और भारतीय तटरक्षक बल की संयुक्त टीम ने पूरी रात तलाशी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान ट्रॉलर से नौ मछुआरों के शव बरामद किए गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए काकद्वीप उप-मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। शेष छह लापता मछुआरों की तलाश के लिए समुद्र में खोज अभियान लगातार जारी है।

लापता मछुआरों में ओडिशा के बालेश्वर जिले के उलूडा गांव के तीन सगे भाई रवींद्र माझी, जगन्नाथ माझी और जयराम माझी भी शामिल हैं। उनके परिवारों में गहरा शोक और चिंता का माहौल है तथा परिजनों की उम्मीदें लगातार कम होती जा रही हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने उस अवधि के दौरान बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण भारी बारिश और समुद्र में खराब मौसम की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि संपर्क टूटने से पहले ट्रॉलर के चालक दल को यह चेतावनी मिल पाई थी या नहीं। प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है, जबकि खोज एवं बचाव अभियान जारी है।

नवीन ने ओड़िया मछुआरों की सकुशल वापसी की कामना की

दर्दनाक घटना पर ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने गहरा शोक व्यक्त किया है। नवीन पटनायक ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर जारी संदेश में कहा कि काकद्वीप के निकट समुद्र में हुई इस दुखद घटना से वे बेहद व्यथित हैं। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी में काकद्वीप के निकट समुद्र में कई मछुआरों के लापता होने की दुखद खबर से मैं अत्यंत दुखी और व्यथित हूं। यह जानकर और भी चिंता हो रही है कि लापता मछुआरों में ओडिशा के तीन मछुआरे भी शामिल हैं। जिन मछुआरों की इस हादसे में मृत्यु हुई है, उनकी आत्मा की शांति के लिए मैं प्रार्थना करता हूं तथा लापता सभी मछुआरों के सकुशल बरामद होने की कामना करता हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …