-
पुरी में पालन किए जानी वाली पवित्र तिथियों का पालन करने की मांग
भुवनेश्वर। रथयात्रा के पारंपरिक आयोजन की तिथि से अलग तारीखों पर आयोजन को लेकर रविवार को सामाजिक संगठन ‘वी फॉर भुवनेश्वर’ के सदस्यों ने भुवनेश्वर स्थित इस्कॉन मंदिर के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी की परंपराओं और धार्मिक पंचांग के अनुरूप तिथि का पालन किए बिना रथयात्रा आयोजित करना सदियों पुरानी धार्मिक मान्यताओं का उल्लंघन है और इससे भगवान जगन्नाथ के भक्तों की भावनाएं आहत होती हैं।
संगठन ने मांग की कि इस्कॉन द्वारा भारत के बाहर अपने केंद्रों समेत कहीं भी पारंपरिक तिथि से अलग समय पर आयोजित की जाने वाली रथयात्राओं को रोका जाए। संगठन का कहना है कि रथयात्रा जैसे पवित्र उत्सव का आयोजन केवल श्री जगन्नाथ मंदिर, पुरी में पालन किए जाने वाले पवित्र तिथियों और धार्मिक परंपराओं के अनुसार ही किया जाना चाहिए।
‘वी फॉर भुवनेश्वर’ के सदस्यों ने कहा कि भगवान जगन्नाथ से जुड़ी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत को कमजोर करने या बदलने का कोई भी प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रविवार का प्रदर्शन जगन्नाथ संस्कृति की पवित्रता, प्रामाणिकता और गरिमा की रक्षा के लिए शुरू किए जा रहे व्यापक जन-अभियान की शुरुआत है।
यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है जब इस्कॉन द्वारा विदेशों में स्थित अपने कई केंद्रों पर पुरी श्रीमंदिर की धार्मिक परंपराओं से अलग तिथियों पर रथयात्रा और स्नान यात्रा आयोजित करने के फैसले को लेकर बहस तेज हो गई है। इस निर्णय को लेकर कुछ भक्तों और जगन्नाथ परंपराओं से जुड़े संगठनों ने आपत्ति जताई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
