-
मुख्यमंत्री ने 10 लाख रुपये की सहायता और परिजन को नौकरी का किया ऐलान
-
प्रारंभिक आशंका सर्पदंश की; मौत के कारणों की जांच शुरू
भुवनेश्वर/पुरी। पुरी में भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा के दौरान सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक होमगार्ड की शनिवार देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर सर्पदंश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रदीप कुमार महांता के रूप में हुई है। वह केन्दुझर जिले के घटगांव थाना क्षेत्र के हुंडापीटा गांव के निवासी थे। प्रदीप, केन्दुझर से पुरी रथयात्रा ड्यूटी के लिए भेजे गए 50 सदस्यीय होमगार्ड दल का हिस्सा थे।
ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, रथयात्रा सुरक्षा ड्यूटी के दौरान प्रदीप कुमार महांता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। उनकी आकस्मिक मृत्यु से रथयात्रा के उत्सवी माहौल में शोक की लहर फैल गई।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने होमगार्ड की मृत्यु पर गहरा दुःख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री राहत कोष (सीएमआरएफ) से मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता देने की घोषणा की।
इसके साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार के एक योग्य सदस्य को होमगार्ड के पद पर नियुक्ति दी जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
मौत के कारणों की होगी विस्तृत जांच
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उधर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी। फिलहाल सर्पदंश की आशंका व्यक्त की जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
