-
300 मीटर तक घसीटकर सड़क किनारे फेंका
बालेश्वर। जिले के खईरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुड़ीगड़िया बाजार में शुक्रवार देर रात एटीएम लूट का सनसनीखेज प्रयास सामने आया। अज्ञात बदमाशों ने इंडिया वन एटीएम को उखाड़कर एक थार वाहन से करीब 300 मीटर तक घसीटा और बाद में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। राहत की बात यह रही कि बदमाश एटीएम से नकदी निकालने में सफल नहीं हो सके।
पुलिस के अनुसार, घटना तुड़ीगड़िया बाजार स्थित इंडिया वन एटीएम में हुई। बदमाशों ने पहले एटीएम मशीन को उखाड़ा और फिर थार वाहन की मदद से उसे बस स्टैंड क्षेत्र से करीब 300 मीटर दूर तक घसीटकर ले गए। बाद में मशीन को सड़क किनारे फेंककर मौके से फरार हो गए।
घटना की पूरी वारदात एटीएम परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शनिवार सुबह सूचना मिलने पर खईरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने एटीएम मशीन को कब्जे में लेकर आसपास के क्षेत्र की तलाशी ली।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने एटीएम और आसपास से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाश एटीएम से नकदी निकालने में सफल नहीं हुए और मशीन से कोई पैसा नहीं निकाला जा सका। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और एटीएम केंद्रों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
