-
रथयात्रा से पहले ओडिशा में बारिश के आसार
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में अगले कुछ दिनों में निम्न दबाव क्षेत्र बनने के संकेत हैं, जिसके प्रभाव से ओडिशा में 13 जुलाई से वर्षा गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि रथयात्रा के दौरान भी राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 14 या 15 जुलाई के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) विकसित हो सकता है, जो बाद में निम्न दबाव क्षेत्र का रूप ले सकता है। इसके उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के समीप बनने की संभावना है, जहां वर्तमान में मौसमीय परिस्थितियां इसके अनुकूल बनी हुई हैं।
यदि यह मौसम प्रणाली विकसित होती है, तो 13 जुलाई से पूरे ओडिशा में वर्षा गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल सकती है। कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि यह बारिश का दौर रथयात्रा के दौरान भी जारी रह सकता है। ऐसे में प्रशासन और आम लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखने की सलाह दी गई है।
इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले तीन दिनों के दौरान राज्य के आंतरिक और तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, भुवनेश्वर एक मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि राज्य के आंतरिक जिलों और कुछ तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 10 जुलाई को मयूरभंज, केंदुझर, अनुगोल, सुंदरगढ़, संबलपुर, बौधगढ़, देवगढ़, बालेश्वर, भद्रक और झारसुगुड़ा जिलों के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। गरज-चमक के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं।
आईएमडी ने प्रभावित जिलों के लोगों को सलाह दी है कि वे आकाशीय बिजली के दौरान सतर्क रहें, पेड़ों के नीचे शरण न लें और खुले स्थानों में जाने से बचें। विभाग ने विशेष रूप से रथयात्रा को देखते हुए नागरिकों से आधिकारिक मौसम बुलेटिन और चेतावनियों पर नियमित नजर बनाए रखने की अपील की है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
