भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने चीन में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 की 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम को बधाई दी है।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए अपने संदेश में नवीन पटनायक ने विशेष रूप से प्रसन्नता व्यक्त की कि ओडिशा के एथलीट आस्तिक प्रधान विजेता भारतीय टीम का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश और विशेष रूप से ओडिशा के लिए गर्व का विषय है।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि 4 गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर भारतीय मिश्रित रिले टीम को हार्दिक बधाई। यह जानकर खुशी हुई कि ओडिशा के आस्तिक प्रधान भी विजेता टीम के सदस्य हैं। मेरी शुभकामनाएं हैं कि पूरी टीम अपने खेल जीवन में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करती रहे और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करे।
नेता प्रतिपक्ष ने भारतीय खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आने वाले वर्षों में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश को गौरवान्वित करते रहेंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
