Home / Odisha / एम्स भुवनेश्वर ने रचा इतिहास

एम्स भुवनेश्वर ने रचा इतिहास

  •    सफलतापूर्वक पूरी की 100 रोबोटिक सर्जरी

भुवनेश्वर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), भुवनेश्वर ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 100 उन्नत रोबोटिक-असिस्टेड सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी कर ली हैं। यह उपलब्धि ओडिशा और पूर्वी भारत में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के एक नए दौर की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

इस उपलब्धि के साथ एम्स भुवनेश्वर ओडिशा का पहला सरकारी स्वास्थ्य संस्थान बन गया है, जहां पूरी तरह कार्यशील बहु-विषयक रोबोटिक सर्जिकल कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के मरीजों को अत्याधुनिक सर्जिकल तकनीक की सुविधा निजी अस्पतालों की तुलना में काफी कम लागत पर उपलब्ध कराई जा रही है।

एम्स भुवनेश्वर के रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के तहत अब तक कई जटिल मामलों का सफल उपचार किया गया है। इनमें जनरल सर्जरी, सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, यूरोलॉजी, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग सहित पांच प्रमुख विभागों में रोबोटिक प्रक्रियाएं शामिल हैं। इसके अलावा रोबोटिक बैरियाट्रिक सर्जरी और जटिल बाल चिकित्सा सर्जरी जैसे विशेष मामलों का भी सफलतापूर्वक संचालन किया गया है।

एम्स भुवनेश्वर के कार्यकारी निदेशक एवं सीईओ डॉ आशुतोष बिस्वास ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान का लक्ष्य ओडिशा के लोगों तक अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम ने विश्वस्तरीय सर्जिकल तकनीक को आम मरीजों के लिए अधिक सुलभ और किफायती बनाया है।

रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम शुरू होने से पहले ओडिशा के सरकारी स्वास्थ्य क्षेत्र में इस तरह की अत्याधुनिक न्यूनतम इनवेसिव सर्जरी की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। ऐसे मामलों में मरीजों को चेन्नई, हैदराबाद और नई दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, जिससे उन पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता था। निजी और कॉर्पोरेट अस्पतालों में इन प्रक्रियाओं की लागत भी काफी अधिक होती थी।

एम्स भुवनेश्वर में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध होने से अब मरीजों को राज्य के भीतर ही अत्याधुनिक उपचार कम लागत पर मिल रहा है, जिससे इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में कमी आई है और दूसरे राज्यों में चिकित्सा के लिए जाने की आवश्यकता भी कम हुई है।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर एम्स भुवनेश्वर में एक विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डीन (एकेडमिक) डॉ दिलीप कुमार परिडा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ प्रभास रंजन त्रिपाठी, ऑपरेशन थिएटर समिति के अध्यक्ष एवं बाल शल्य चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार मोहंती, रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ प्रशांत नायक, डीडीए लेफ्टिनेंट कर्नल अभिजीत सरकार सहित संस्थान के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …