-
11 वर्षीय बालिका की मौत
-
खराब था स्टेपनी टायर
-
दूसरे वाहन से अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
कलाहांडी। कलाहांडी जिले में भी 108 एंबुलेंस सेवा की कथित लापरवाही ने एक 11 वर्षीय बालिका की जान ले ली। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था की कार्यकुशलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि समय पर वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने और एंबुलेंस के खराब रखरखाव के कारण मासूम को समय पर इलाज नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार, नरला प्रखंड के तुलापड़ा गांव निवासी रिया नायक (11) पिछले दो महीनों से पेट में तेज दर्द से पीड़ित थी। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे नरला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे भवानीपटना जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया।
भवानीपाटना ले जाते समय गोहिरापदार रेलवे क्रॉसिंग के पास 108 एंबुलेंस का टायर पंक्चर हो गया। बताया गया कि एंबुलेंस में मौजूद स्टेपनी टायर भी खराब थी, जिसके कारण वाहन को तत्काल ठीक नहीं किया जा सका। इससे गंभीर हालत में मौजूद बालिका करीब तीन घंटे तक सड़क पर खड़ी एंबुलेंस में ही फंसी रही।
दूसरी एंबुलेंस पहुंची, लेकिन तब तक हो चुकी थी देर
काफी इंतजार के बाद दूसरी एंबुलेंस की व्यवस्था की गई और रिया को भवानीपाटना जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस के रखरखाव में गंभीर लापरवाही और स्वास्थ्य विभाग की जवाबदेही की कमी के कारण एक मासूम की जान चली गई। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों ने मानी तकनीकी खराबी
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वीकार किया कि संबंधित एंबुलेंस में तकनीकी खराबी थी, जिसके कारण समय पर सेवा उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। इस घटना के बाद राज्य की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, विशेषकर 108 एंबुलेंस नेटवर्क के रखरखाव और संचालन व्यवस्था को लेकर व्यापक सुधार की मांग तेज हो गई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
