Home / Odisha / ओडिशा में भूमि पंजीकरण होगा पूरी तरह नकदरहित

ओडिशा में भूमि पंजीकरण होगा पूरी तरह नकदरहित

  •     अब ऑनलाइन मिलेगी पंजीकृत दस्तावेज की प्रति

  •     राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने की घोषणा

  •     बिचौलियों पर लगेगी रोक

  •     पहचान सत्यापन के लिए केवल एक बार जाना होगा पंजीकरण कार्यालय

भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार जल्द ही भूमि की खरीद-बिक्री और पंजीकरण प्रक्रिया को पूरी तरह नकदरहित (कैशलेस) बनाने जा रही है। राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद भूमि पंजीकरण के दौरान किसी भी प्रकार के नकद भुगतान की अनुमति नहीं होगी।

वर्तमान व्यवस्था में पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान 15 हजार रुपये तक नकद भुगतान की अनुमति थी, लेकिन नई प्रणाली लागू होने के बाद सभी भुगतान डिजिटल माध्यम से ही किए जाएंगे।

बिचौलियों पर लगेगी रोक, बढ़ेगी पारदर्शिता

राजस्व मंत्री ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य भूमि पंजीकरण कार्यालयों को बिचौलियों के प्रभाव से मुक्त करना और पूरी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित तथा जवाबदेह बनाना है। इससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

केवल एक बार जाना होगा पंजीकरण कार्यालय

नई व्यवस्था के तहत संपत्ति मालिकों को पंजीकरण कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें केवल पहचान सत्यापन के लिए एक बार कार्यालय जाना होगा। इसके बाद पूरी प्रक्रिया पूरी होने पर पंजीकृत भूमि दस्तावेज ऑनलाइन उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

जल्द जारी होगी एसओपी

सुरेश पुजारी ने बताया कि नई व्यवस्था को लागू करने के लिए राजस्व विभाग जल्द ही मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगा। इसके साथ ही राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि नकदरहित भूमि पंजीकरण प्रणाली को पूरे राज्य में सुचारु रूप से लागू किया जा सके।

सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भूमि पंजीकरण प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनेगी तथा लोगों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …