-
पाठ्यपुस्तकों की त्रुटियों को लेकर सरकार पर साधा निशाना
-
कक्षा 1 से 8 तक की पुस्तकों में गंभीर गलतियों का आरोप
-
मंत्री और विभागीय सचिव के इस्तीफे की मांग
-
एक माह में त्रुटिरहित पुस्तकें उपलब्ध कराने की उठाई मांग
भुवनेश्वर। बीजू जनता दल (बीजद) ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और स्कूली पाठ्यपुस्तकों में हुई गंभीर त्रुटियों के विरोध में 9 से 15 जुलाई तक राज्यव्यापी ‘शिक्षा बचाओ अभियान’ चलाने की घोषणा की है। पार्टी ने इस अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों से सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की है।
बीजद विधायक ब्योमकेश राय ने आरोप लगाया कि कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों को वितरित की गई पाठ्यपुस्तकों में गंभीर त्रुटियां सामने आई हैं, जिससे राज्य की शिक्षा व्यवस्था की बड़ी खामियां उजागर हुई हैं। उन्होंने कहा कि इन गलतियों के कारण विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है और अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
राय ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री, स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री तथा विभाग के सचिव के बीच समन्वय का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक इस विवाद पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी है, जिससे अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है।
बीजद ने पाठ्यपुस्तकों में हुई कथित लापरवाही के लिए स्कूल एवं जनशिक्षा मंत्री और विभागीय सचिव को जिम्मेदार ठहराते हुए दोनों के इस्तीफे की मांग की है।
पार्टी ने यह भी मांग की है कि विद्यार्थियों को एक माह के भीतर संशोधित एवं त्रुटिरहित पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
इसके अलावा बीजद ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि पाठ्यपुस्तकों में हुई त्रुटियां किसी साजिश का परिणाम हैं, तो दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
