-
विधायक सोफिया फिरदौस ने किया स्वागत
-
2018 के चेन्नई चातुर्मास स्थल से 2018 की मर्यादा महोत्सव भूमि कटक पहुंचे मुनिवर
-
18 पाप कृति आधारित महाश्रमण संज्ञान प्रतियोगिता का शुभारंभ
कटक। युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनिश्री मोहजीत कुमार जी, सहवर्ती मुनिश्री भव्य कुमार जी एवं मुनिश्री जयेश कुमार जी का रविवार को कटक नगर सीमा में भव्य प्रवेश हुआ। स्थानीय विधायक ने नगर सीमा पर पहुंचकर मुनिश्री का भावभीना स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ युवक परिषद के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ कटक और भुवनेश्वर तेरापंथ समाज के बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः श्री कनक लक्ष्मी ग्रेनाइट से मुनिवरों की यात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा के साथ प्रातः 8:51 बजे मुनिवरों ने कटक नगर सीमा में प्रवेश किया और ग्रैंड बाजार पहुंचे, जहां श्रद्धालुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुनिश्री मोहजीत कुमार जी ने कहा कि आज केवल नगर प्रवेश नहीं, बल्कि उत्साह, उमंग, श्रद्धा, भक्ति, संयम, संवर और अध्यात्म चेतना के जागरण का प्रवेश है। उन्होंने कहा कि सभी श्रद्धालु पूज्य प्रवर की दृष्टि और इंगित की आराधना करते हुए उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।
मुनिश्री भव्य कुमार जी ने आगामी चातुर्मास के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए समाज से ज्ञान, दर्शन, चरित्र, तप और त्याग के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने मुनिश्री जयेश कुमार जी के 13वें दीक्षा दिवस के अवसर पर अपनी मंगल भावनाएं भी व्यक्त कीं।
अपने 13वें दीक्षा दिवस पर मुनिश्री जयेश कुमार जी ने ऐतिहासिक संदर्भ साझा करते हुए कहा कि वे आचार्य प्रवर की 2018 की चातुर्मास भूमि चेन्नई से 2018 की मर्यादा महोत्सव भूमि कटक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पूज्य प्रवर की प्रेरणा और दृष्टि की आराधना करते हुए सम्पूर्ण कटक समाज इस चातुर्मास को ऐतिहासिक और सफल बनाने का संकल्प ले। उन्होंने अपने दीक्षा जीवन से जुड़े आचार्य श्री की दुर्लभ कृपा के कई प्रेरक प्रसंग भी श्रद्धालुओं के साथ साझा किए।
कार्यक्रम की शुरुआत नमस्कार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से हुई। इसके बाद तेरापंथ महिला मंडल, कटक की बहनों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सभा अध्यक्ष मुकेश सेठिया ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि ग्रैंड बाजार की ओर से श्री सभा के संरक्षक मोहनलाल सिंघी ने अपनी भावाभिव्यक्ति व्यक्त की। भुवनेश्वर सभा के मंत्री वीरेंद्र बेताला ने मंगलकामनाएं प्रकट कीं। कार्यक्रम का संचालन विकास नवलखा ने किया।
यह जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी पुष्पा सिंघी ने बताया कि इस दौरान कटक, भुवनेश्वर और बहरमपुर के श्रावक समाज की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। साथ ही, 18 पाप कृति पर आधारित महाश्रमण संज्ञान प्रतियोगिता का भी शुभारंभ किया गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

