-
किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
बालेश्वर। बालेश्वर जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जिले में स्थापित राइस मिलिंग क्लस्टर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बालेश्वर के सांसद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना जिले के किसानों, उद्यमियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
सांसद ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उन्होंने लगातार प्रयास किए थे। परियोजना के सफल क्रियान्वयन पर उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे बालेश्वर के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से राइस मिलिंग क्लस्टर की स्थापना की गई है। भविष्य में इसके विस्तार के लिए भी आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे इसकी क्षमता और बढ़ाई जा सके।
इस ऐतिहासिक पहल के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तत्कालीन केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री नितिन गडकरी तथा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही परियोजना को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी उद्यमियों, अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि राइस मिलिंग क्लस्टर से बालेश्वर के किसानों को अपनी कृषि उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा जिले की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि यह परियोजना किसानों और आम जनता के कल्याण के लिए समर्पित होकर बालेश्वर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
