-
भाजपा उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध निर्वाचित हुए थे
-
नई राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत
भुवनेश्वर। ओडिशा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में हाल ही में राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए देवाशीष सामंतराय ने गुरुवार को संसद के उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण की।
नई दिल्ली स्थित राज्यसभा कक्ष में राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने देवाशीष सामंतराय सहित 10 नव निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।
शपथ लेने वाले सदस्यों में आंध्र प्रदेश से चार, झारखंड से दो तथा अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और तमिलनाडु से एक-एक सदस्य शामिल थे। इनमें पांच सदस्यों ने हिंदी, तीन ने तेलुगु, एक ने तमिल और एक सदस्य ने अंग्रेजी में शपथ ली।
शपथ ग्रहण करने वालों में आंध्र प्रदेश से साना सतीश बाबू, विजय चिंतकयाला, भाष्यम रामकृष्ण और लिंगामनेनी रमेश, अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक, गुजरात से राजेश परमानंद शुक्ला, झारखंड से परिमल नाथवानी और बैद्यनाथ राम, ओडिशा से देवाशीष सामंतराय तथा तमिलनाडु से प्रवीण चक्रवर्ती शामिल रहे।
देवाशीष सामंतराय लंबे समय तक बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते रहे हैं और उन्हें पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक का करीबी माना जाता था। उन्होंने 24 मई को बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही राज्यसभा की अपनी सीट भी छोड़ दी थी।
इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए और पार्टी ने उन्हें ओडिशा से राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया। 18 जून को वे निर्विरोध राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे।
बीजद से भाजपा में उनका जाना ओडिशा की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने के साथ ही उनकी नई राजनीतिक पारी की औपचारिक शुरुआत हो गई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
