-
वन मार्ग से ट्रैक्टर गुजरने की अनुमति देने के एवज में ली रिश्वत
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने पुरी जिले के डेलांग वन परिक्षेत्र के अंतर्गत अंकुई बीट में तैनात एक वनपाल (फॉरेस्टर) को 25,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार पंडा के रूप में हुई है, जो डेलांग रेंज के अंकुई क्षेत्र में वनपाल के पद पर कार्यरत था। विजिलेंस अधिकारियों ने उसे एक ट्रैक्टर मालिक से रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय ट्रैप कार्रवाई के दौरान दबोचा।
विजिलेंस विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी वनपाल ने शिकायतकर्ता के ट्रैक्टर को वन मार्ग से गुजरने की अनुमति देने के बदले 25,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ट्रैक्टर मालिक उक्त मार्ग से खुदाई की गई मिट्टी को अपने खेत तक ले जाना चाहता था। आरोप है कि वनपाल ने बिना अनुमति वन मार्ग का उपयोग करने पर वाहन जब्त करने की धमकी भी दी थी।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर ट्रैक्टर मालिक ने ओडिशा विजिलेंस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत की पूरी राशि लेते समय गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से 25,000 रुपये की पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति (डीए) के पहलू की जांच के तहत एक साथ तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
इस संबंध में भुवनेश्वर विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
