Home / BUSINESS / शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी जारी, सेंसेक्स 254 अंक उछला
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

शेयर बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी जारी, सेंसेक्स 254 अंक उछला

नई दिल्ली। देश के शेयर बाजार में मजबूती का रुख लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में जारी रहा। भू-राजनीतिक मोर्चे पर सकारात्मक घटनाक्रम और कच्चे तेल की कीमतों में जारी नरमी से बाजार को समर्थन मिला, जिससे घरेलू शेयर बाजार गुरुवार को भी बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 254 अंकों और निफ्टी में 82 अंकों की उछाल दर्ज की गई।
कारोबार के अंत में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 254.36 अंक यानी 0.33 फीसदी की उछाल के साथ 77,409.98 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय ये 77,492.33 अंक के उच्चतम और 76,953 के निचले स्तर तक गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 82.30 अंक यानी 0.34 फीसदी चढ़कर 24,168 के स्तर पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स के समूह में शामिल प्रमुख कंपनियों में से इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी, स्टेट बैंक और एचडीएफसी बैंक प्रमुख रूप से बढ़त में रहीं। वहीं, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, मारुति और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में गिरावट रही। ये घरेलू शेयर बाजार में तेजी का लगातार पांचवां कारोबारी सत्र रहा। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स में कुल 3,577.43 अंक और निफ्टी में 1,006.4 अंक की बढ़त दर्ज की गई है।
एशिया के अन्य शेयर बाजारों में शामिल दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए है, जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में रहे। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में मिश्रित रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। पश्चिम एशिया में तनाव थमने से अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड 2.23 फीसदी गिरकर 77.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को सेंसेक्स 347.14 अंक की तेजी के साथ चढ़कर 77,155.62 के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी 97 अंक की बढ़त के साथ 24,085.70 पर बंद हुआ था।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने भरा रिटर्न, आखिरी तारीख 31 जुलाई

नई दिल्ली। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने …