Home / Odisha / मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सुदर्शन पटनायक को दी बधाई 

मुख्यमंत्री मोहन माझी ने सुदर्शन पटनायक को दी बधाई 

  •     रूस में ‘रशियन ग्रैंड सैंड मास्टर कप’ जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित ‘रशियन ग्रैंड सैंड मास्टर कप’ से सम्मानित होने पर प्रख्यात बालू कला (सैंड आर्ट) कलाकार सुदर्शन पटनायक को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय बालू कला महोत्सव में यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीतकर सुदर्शन पटनायक ने न केवल ओडिशा बल्कि पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस सम्मान को प्राप्त करने वाले पहले भारतीय सैंड आर्टिस्ट के रूप में पटनायक ने वैश्विक मंच पर ओड़िया अस्मिता, ओडिशा की समृद्ध संस्कृति और उसकी अनूठी कलात्मक विरासत को नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर वैश्विक चुनौतियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सुदर्शन पटनायक ने अपनी बालू कला को एक प्रभावशाली माध्यम बनाया है। उनकी कलाकृतियों के जरिए दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश अत्यंत प्रशंसनीय है।

माझी ने कहा कि सुदर्शन पटनायक की यह उपलब्धि ओडिशा के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य की कला एवं संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान मिली है।

मुख्यमंत्री ने भगवान श्रीजगन्नाथ से प्रार्थना करते हुए सुदर्शन पटनायक के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और उनकी कला साधना में निरंतर सफलता की कामना की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पटनायक भविष्य में भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा से देश और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में 2,067 एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

    18वें रोजगार मेले में सेवक-सेविका के 1,913 और जनजातीय भाषा के 154 शिक्षकों …