-
भुवनेश्वर में ‘फील्स लाइक’ तापमान 50 डिग्री
-
छात्रों की सुरक्षा पर सरकार का फोकस
-
कई जिलों में आईएमडी का ऑरेंज अलर्ट
भुवनेश्वर। ओडिशा में लगातार पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार स्कूलों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों को बढ़ाने पर गंभीरता से विचार कर रही है। स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड ने शुक्रवार को संकेत दिया कि मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होने पर छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए छुट्टियों की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि छुट्टियां बढ़ाने का निर्णय आने वाले दिनों में मौसम की समीक्षा और जमीनी परिस्थितियों के आकलन के बाद लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों का स्वास्थ्य और सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोंड ने कहा कि यदि भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहता है तो स्कूली बच्चों के हित में ग्रीष्मकालीन अवकाश बढ़ाने पर सरकार सकारात्मक निर्णय ले सकती है। अंतिम फैसला मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर लिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने इस वर्ष असामान्य गर्मी को देखते हुए 27 अप्रैल से सभी स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था, जो फिलहाल 17 जून तक निर्धारित है। हालांकि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए छुट्टियों के विस्तार की संभावना बढ़ गई है।
भीषण गर्मी और उमस की दोहरी मार
इस बीच, ओडिशा भीषण गर्मी और उमस की दोहरी मार झेल रहा है। शुक्रवार को राजधानी भुवनेश्वर में दोपहर 2:30 बजे तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आर्द्रता 38 प्रतिशत तक पहुंच गई। इसके कारण ‘फील्स लाइक’ तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक महसूस किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान
तेज धूप और उमस के कारण दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान नजर आईं। गर्मी से बचने के लिए लोग घरों में रहने को मजबूर रहे, जबकि अस्पतालों में डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी समस्याओं के मामले भी बढ़ने लगे हैं।
12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर नहीं निकलें
प्रशासन ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।
आंधी-तूफान की आशंका, चेतावनियां जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की है। बालेश्वर, केंदुझर, मयूरभंज, कलाहांडी, कंधमाल और नवरंगपुर जिलों में भीषण गर्मी के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक समेत कई जिलों के लिए येलो चेतावनी जारी की गई है, जहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की आशंका है।
सुंदरगढ़, संबलपुर और बलांगीर में गर्म होगी रातें
मौसम विभाग के अनुसार सुंदरगढ़, संबलपुर और बलांगीर में गर्म रातों की स्थिति बनी रह सकती है, जबकि तटीय और पश्चिमी ओडिशा के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक गर्म और उमस भरा मौसम जारी रहने की संभावना है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
