भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने भद्रक जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के एक कर्मचारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक निजी स्कूल के पक्ष में मान्यता प्रमाणपत्र (रिकग्निशन सर्टिफिकेट) जारी करने से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप है।
गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान श्रीकांत कुमार दास के रूप में हुई है, जो डीईओ कार्यालय, भद्रक में जूनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत हैं। विजिलेंस अधिकारियों के अनुसार, दास ने एक निजी स्कूल के प्रतिनिधि से फाइल के आगे बढ़ाने के (निस्तारण) के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
बताया गया है कि स्कूल के प्रतिनिधि ने कई बार बिना रिश्वत दिए कार्य कराने का अनुरोध किया, लेकिन आरोपित अपनी मांग पर अड़ा रहा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी ओडिशा विजिलेंस को दी।
शिकायत के आधार पर विजिलेंस की एक टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को दास को रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये की पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई है।
ट्रैप कार्रवाई के बाद विजिलेंस अधिकारियों ने आरोपी से जुड़े दो ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया है। यह तलाशी उसकी आय से अधिक संपत्ति (डिसप्रोपोर्शनट एसेट्स) के संभावित पहलुओं की जांच के तहत की जा रही है।
इस संबंध में बालेश्वर विजिलेंस थाना में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
