Home / Sports / भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ जुड़े डच दिग्गज टेके टेकेमा, ड्रैग-फ्लिकिंग कैंप में देंगे विशेष प्रशिक्षण
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ जुड़े डच दिग्गज टेके टेकेमा, ड्रैग-फ्लिकिंग कैंप में देंगे विशेष प्रशिक्षण

नई दिल्ली। भारतीय महिला हॉकी टीम की पेनाल्टी कॉर्नर क्षमता को और मजबूत बनाने के लिए नीदरलैंड के महान ड्रैग-फ्लिकर टेके टेकेमा टीम के साथ विशेष प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए हैं। यह शिविर ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड दौरे के दौरान 26 मई से 21 जून तक आयोजित किया जा रहा है।
मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में भारतीय टीम आगामी एफआईएच महिला नेशंस कप न्यूज़ीलैंड 2025-26 की तैयारियों में जुटी हुई है, जो 15 से 21 जून तक ऑकलैंड में खेला जाएगा।
इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य भारतीय ड्रैग-फ्लिकरों की तकनीक को निखारना और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने की क्षमता को बेहतर बनाना है। भारतीय खिलाड़ियों दीपिका, लालथांतलुआंगी और अन्नू इस प्रशिक्षण में हिस्सा ले रही हैं।
टेके टेकेमा विश्व हॉकी के सर्वश्रेष्ठ ड्रैग-फ्लिकरों में गिने जाते हैं। नीदरलैंड के पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी टेकेमा ने ओलंपिक और हॉकी विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंटों में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया है। उनके नाम 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच और 221 अंतरराष्ट्रीय गोल दर्ज हैं।
यह पहल आनंदना – द कोका-कोला इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से संचालित की जा रही है। इससे पहले आनंदना ने भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए बेंगलुरु में प्रसिद्ध गोलकीपिंग कोच डेविड विलियमसन द्वारा आयोजित विशेष गोलकीपिंग शिविर को भी सहयोग प्रदान किया था।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारतीय टीम ने पर्थ हॉकी स्टेडियम में मेजबान ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैचों की मैत्रीपूर्ण श्रृंखला खेली थी। दोनों टीमों ने दो-दो मैच जीतकर श्रृंखला 2-2 से बराबर समाप्त की।
भारतीय टीम 3 जून को न्यूज़ीलैंड पहुंचेगी, जहां नेशंस कप से पहले अभ्यास मैचों और प्रशिक्षण सत्रों के जरिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी।
मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने ने कहा,”आधुनिक हॉकी में पेनाल्टी कॉर्नर बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। टेके टेकेमा जैसे अनुभवी विशेषज्ञ का साथ हमारी टीम के लिए बहुत लाभदायक होगा। ड्रैग-फ्लिकिंग के अलावा वे हमारी रक्षात्मक संरचना को भी बेहतर बनाने में मदद करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा,”मैं उन्हें पहले भी कोच कर चुका हूं और हमारी सोच काफी हद तक एक जैसी है। टीम में पहले से ही अच्छे ड्रैग-फ्लिकर मौजूद हैं और नवनीत कौर जैसी बेहतरीन स्ट्राइकर भी हैं। हमें पेनाल्टी कॉर्नर के मौकों का बेहतर उपयोग करना होगा और यह शिविर उस दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।”
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …