Home / Odisha / जेएसडब्ल्यू इस्पात परियोजना को लेकर बीजद का भाजपा सरकार पर हमला
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जेएसडब्ल्यू इस्पात परियोजना को लेकर बीजद का भाजपा सरकार पर हमला

  •     नवीन शासनकाल की परियोजना का दोबारा उद्घाटन कर जनता को गुमराह करने का आरोप

  •     कानून-व्यवस्था और निवेश को लेकर भी सरकार को घेरा

भुवनेश्वर। बीजू जनता दल ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर पूर्ववर्ती नवीन पटनायक सरकार की परियोजनाओं का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। पार्टी ने ढिंकिया-नुआगांव क्षेत्र के गड़कुजंग में प्रस्तावित जेएसडब्ल्यू इस्पात संयंत्र के पुनः उद्घाटन को जनता को गुमराह करने का प्रयास बताया।

भुवनेश्वर स्थित शंख भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बीजद के प्रवक्ता एवं मीडिया समन्वयक लेनिन मोहंती ने कहा कि जेएसडब्ल्यू परियोजना की आधारशिला और उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के कार्यकाल में ही हो चुका था। उन्होंने कहा कि यह परियोजना “मेक इन ओडिशा” पहल के तहत लाई गई थी और इसके लिए समझौता भी उसी समय किया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पूर्ववर्ती सरकार द्वारा लाई गई परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रही है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और औद्योगिक विकास के नाम पर बढ़ा-चढ़ाकर दावे किए जा रहे हैं।

निवेश और रोजगार के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग

लेनिन मोहंती ने सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की कि राज्य में वास्तव में कितना निवेश आया है और जमीन पर कितना कार्य शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि लाखों करोड़ रुपये के निवेश के दावों के बजाय वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्य विपक्षी दल होने के बावजूद बीजद हर नए निवेश का स्वागत करता है, क्योंकि इससे रोजगार के अवसर पैदा होते हैं। लेकिन सरकार को पुराने कार्यों का श्रेय लेने और गलत दावे करने से बचना चाहिए।

कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना

बीजद नेता ने राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध, सामूहिक दुष्कर्म और भीड़ हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे उद्योग ओडिशा से दूर हो सकते हैं।

उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो की हालिया रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में ओडिशा देश में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि निवेश वहीं आता है, जहां कच्चा माल, अच्छा नेतृत्व और मजबूत कानून-व्यवस्था हो।

बीजद ने मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के विदेशी एवं घरेलू दौरों पर सरकारी खजाने से लाखों रुपये खर्च किए जाने पर भी सवाल उठाए।

भाजपा ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

दूसरी ओर, भाजपा सरकार ने जेएसडब्ल्यू स्टील की 13.2 मिलियन टन क्षमता वाली एकीकृत इस्पात परियोजना के निर्माण कार्य की शुरुआत को बड़ी उपलब्धि बताया है।

उद्योग मंत्री का पलटवार

उद्योग मंत्री संपद स्वाईं ने कहा कि उद्योग समर्थक नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और निर्णायक शासन के कारण यह परियोजना अब वास्तविकता में बदल रही है। उन्होंने कहा कि दो दशकों से लंबित औद्योगिक विकास को अब नई दिशा मिली है।

यह परियोजना जगतसिंहपुर जिले के धिंकिया क्षेत्र में उसी भूमि पर विकसित की जा रही है, जिसे पहले दक्षिण कोरिया की पोस्को परियोजना के लिए आवंटित किया गया था। बाद में वह परियोजना बंद हो गई थी।

65 हजार करोड़ रुपये की परियोजना से मिलेगा रोजगार

बुधवार को जेएसडब्ल्यू उत्कल एकीकृत इस्पात परियोजना का कार्यारंभ कार्यक्रम आयोजित हुआ। यह कंपनी की सबसे बड़ी निवेश परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। पारादीप क्षेत्र में चरणबद्ध तरीके से विकसित होने वाली इस परियोजना की वार्षिक क्षमता 13.2 मिलियन टन होगी और इसमें लगभग 65 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। परियोजना से 32 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार अवसर पैदा होने की संभावना है। वर्ष 2029 तक उत्पादन शुरू होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …