भुवनेश्वर: ओडिशा के गंजाम जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा पुरूषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लदाकापल्ली चौक के निकट उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बस ने एक ऑटो-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, एक ही परिवार के लगभग 10 सदस्य प्रसिद्ध मां सिंहासिनी मंदिर के दर्शन के लिए ऑटो-रिक्शा से जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज गति से आ रही बस ने ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मारी और उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल सात यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल कोदला चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान तीन अन्य घायलों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई।
सूत्रों के अनुसार, हादसे में घायल चार लोगों की हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कालेज व अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोदला और पुरूषोत्तमपुर पुलिस की संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार चालक की तलाश तथा दुर्घटना में शामिल बस की पहचान के लिए अभियान चला रही है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
