भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार के खेल एवं युवा सेवा विभाग द्वारा रविवार को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘संडेज ऑन साइकिल’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का शुभारंभ उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा सेवा तथा ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने ध्वज दिखाकर किया।
इस अवसर पर मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर यह पहल ‘फिट इंडिया’ और ‘फिट ओडिशा’ के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ, निरोग और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली और बढ़ती ईंधन समस्याओं के बीच साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि यह ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा में भी सहायक है।
मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे साइकिल को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और एक स्वच्छ, हरित एवं प्रगतिशील ओडिशा के निर्माण में योगदान दें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
