-
भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में भरा नया जोश
-
संगठन की मजबूती, जनसंपर्क और सुशासन के मंत्र के साथ दिया चुनावी विजय का संदेश
-
राज्य की राजनीति और भाजपा संगठन में नई ऊर्जा का संचार दिया
भुवनेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के ओडिशा दौरे ने राज्य की राजनीति और भाजपा संगठन में नई ऊर्जा का संचार कर दिया। मिशन पंचायत के तहत त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारी के बीच उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने का मंत्र दिया। भुवनेश्वर और जटनी में आयोजित बैठकों, प्रशिक्षण शिविरों और कोर कमेटी चर्चा के दौरान नितिन नवीन ने अपने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा और आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य तय किया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को अपने पहले ओडिशा दौरे के दौरान पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं। इस दौरान आगामी स्थानीय निकाय चुनावों से पहले संगठन को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई।
प्रदेश मुख्यालय में हुई कोर कमेटी की बैठक
भुवनेश्वर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कोर कमेटी बैठक में ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत पंडा, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, ओडिशा भाजपा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर, सह-प्रभारी लता उसेंडी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा के प्रदेश संगठन महासचिव मानस मोहंती, सांसद प्रताप षाड़ंगी, डा संबित पात्र और अन्य वरिष्ठ नेता भी बैठक में शामिल हुए।
संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर चर्चा
पार्टी नेताओं के अनुसार बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने, पूर्व में दिए गए दायित्वों की समीक्षा करने तथा पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भविष्य की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। ओडिशा में अगले वर्ष पंचायत चुनाव होने हैं, जिसके बाद शहरी निकाय चुनाव भी प्रस्तावित हैं। ऐसे में नितिन नवीन का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की उपस्थिति में आयोजित राज्य कोर कमेटी की बैठक में वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक कार्यों को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
डबल इंजन सरकार प्रगति को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध – मोहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य की डबल इंजन सरकार ओडिशा के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक प्रगति को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक नागरिक के कल्याण और ओडिशा की गौरवशाली पहचान को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा दौरा
उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
