Home / Odisha / लायंस क्लब कटक पर्ल का 19वां चार्टर नाइट उत्सव भव्यता से मना

लायंस क्लब कटक पर्ल का 19वां चार्टर नाइट उत्सव भव्यता से मना

  •     सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण का दिखा अनूठा संगम

  •     जरूरतमंदों के लिए 19 विशेष सेवा गतिविधियां आयोजित

  •     सामाजिक कार्यों से जुड़े 20 व्यक्तियों और कई संस्थाओं को किया गया सम्मानित

कटक। लायंस क्लब कटक पर्ल की ओर से 19वां चार्टर नाइट उत्सव अत्यंत भव्य और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। सामाजिक सेवा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, सम्मान समारोह और जरूरतमंदों के लिए विशेष सेवा कार्यों से सजे इस आयोजन ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में लायंस परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों, समाजसेवियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की बड़ी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन लायन संपत्ति मोड़ा एवं संतोष चांडक ने किया, जबकि अध्यक्षता क्लब अध्यक्ष रंजू अग्रवाल ने की। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन, मंगलाचरण और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई।

इस अवसर पर जिला 322सी5 की जिला गवर्नर ममता दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में पीडीजी सुशील संतुका, शरत चंद्र प्रधान, प्रफुल्ल सामल, प्रलुब्धा जेना, प्रभात मोहंती सहित कई वरिष्ठ लायंस पदाधिकारियों ने भाग लिया और क्लब की सेवा गतिविधियों की सराहना की।

19 वर्षों की सेवा यात्रा को किया गया याद

कार्यक्रम में क्लब की 19 वर्षों की सामाजिक यात्रा और उपलब्धियों को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि लायंस क्लब कटक पर्ल ने अपने स्थापना काल से ही समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

समारोह में क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट संपत्ति मोड़ा तथा चार्टर सदस्य उषा धनावत, अलका सिंघी, संतोष चांडक, जयश्री मुंदड़ा और सुनीता झुनझुनवाला को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने क्लब की संस्थापक टीम की दूरदर्शिता और सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने संस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

जरूरतमंदों के लिए 19 सेवा गतिविधियां बनीं मुख्य आकर्षण

चार्टर नाइट के अवसर पर क्लब द्वारा 19 विशेष सामाजिक सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के तहत जरूरतमंद लोगों को आवश्यक सामग्री, उपयोगी उपहार और दैनिक जरूरत की वस्तुएं वितरित की गईं।

कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि समाज सेवा केवल आयोजन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बननी चाहिए। अतिथियों ने क्लब द्वारा लगातार किए जा रहे सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

“नारद की नौटंकी” और भगवान जगन्नाथ पर प्रस्तुति ने जीता दिल

कार्यक्रम का सांस्कृतिक भाग विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। क्लब की सामाजिक गतिविधियों और सेवा भावना पर आधारित विशेष नाट्य प्रस्तुति “नारद की नौटंकी” ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।

इस प्रस्तुति का लेखन एवं निर्देशन संपत्ति मोड़ा द्वारा किया गया था। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद और सामाजिक संदेशों से जुड़ी इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति पर जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

समाजसेवियों और संस्थाओं को मिला सम्मान

समाज में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों से जुड़े 20 व्यक्तियों को कार्यक्रम में विशेष रूप से सम्मानित किया गया। पत्रकारिता, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला कल्याण, सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र और सम्मान प्रदान किया गया।

इसके अलावा मारवाड़ी युवा मंच कटक शाखा तथा तेरापंथ महिला मंडल कटक शाखा को भी उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

सचिव की रिपोर्ट और अतिथियों के प्रेरणादायी संबोधन

कार्यक्रम में क्लब सचिव अनु सेठिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्लब आगे भी समाज सेवा के कार्यों को और व्यापक स्तर पर जारी रखेगा। इस अवसर पर डीजी इलेक्ट लायन विकास नायक, वीडीजी-1 इलेक्ट लायन अशोक कुमार मोहंती तथा वीडीजी-2 इलेक्ट लायन अक्षय कुमार मोहंती ने भी संबोधन दिया और क्लब की सेवा गतिविधियों की प्रशंसा की।

मुख्य वक्ता पीडीजी प्रभात मोहंती ने कहा कि लायंस क्लब कटक पर्ल ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। वहीं मुख्य अतिथि ममता दास ने कहा कि क्लब ने अपने निरंतर सेवा कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन, चार्टर केक कटिंग और सामूहिक उत्सव के साथ हुआ। गौरतलब है कि पर्ल द्वार दो जगहों पर सोनम प्ले हाउस दिव्यांग बच्चों के लिए भलीभांति संचलित किया जा रहा है।

 कलाकारों में मुख्य रूप से रंजू बाफना,विनोद नाहटा,विद्या शर्मा,संतोष चांडक एवं अन्नू सेठिया ने सहभागिता निभाई।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …