-
ओडिशा विजिलेंस ने सहयोगी समेत दबोचा
-
एमएमएसवाई बिल पास कराने के बदले मांगी थी घूस
नयागढ़। ओडिशा विजिलेंस ने नयागढ़ जिले के भापुर ग्रामीण निर्माण विभाग (आरडब्ल्यू) सेक्शन के जूनियर इंजीनियर केशव सुबुद्धि को 1.36 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में उसके सहयोगी आशुतोष बलियारसिंह को भी पकड़ा गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मुख्यमंत्री सड़क योजना (एमएमएसवाई) के तहत वर्ष 2021-22 में खंडपड़ा क्षेत्र में किए गए निर्माण और रखरखाव कार्यों के बिल पास कराने तथा सुरक्षा जमा राशि वापस करने के लिए एक ठेकेदार से रिश्वत की मांग की थी।
कई महीनों से ठेकेदार को कर रहे थे परेशान
सरकारी नियमों के अनुसार, रखरखाव अवधि पूरी होने के बाद प्रारंभिक सुरक्षा जमा (आईएसडी) और अन्य सुरक्षा राशि लौटाई जाती है। लेकिन यदि कार्य का माप नहीं लिया जाता है तो जमा राशि जब्त हो सकती है।
बताया गया कि ठेकेदार पिछले तीन से चार महीनों से जूनियर इंजीनियर से माप कार्य पूरा कर भुगतान जारी करने की मांग कर रहा था। इसके बावजूद आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा था।
सरकारी आवास में बुलाकर दिलवाई रिश्वत
विजिलेंस अधिकारियों के मुताबिक, जूनियर इंजीनियर ने ठेकेदार को खंडपड़ा स्थित अपने सरकारी आवास पर बुलाया और रिश्वत की रकम अपने सहयोगी आशुतोष बलियारसिंह को देने के लिए कहा। बलियारसिंह निजी व्यक्ति है और सुपरवाइजर के रूप में कार्य कर रहा था।
इसी दौरान पहले से जाल बिछाकर बैठी विजिलेंस टीम ने दोनों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर जब्त कर ली गई।
आय से अधिक संपत्ति मामले में भी जांच
विजिलेंस विभाग ने बताया कि केशव सुबुद्धि से जुड़े दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। यह जांच आय से अधिक संपत्ति के पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। इस मामले में भुवनेश्वर विजिलेंस थाना में भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
