-
सीआईडी क्राइम ब्रांच ने चिनु उर्फ रंजीत पात्र को दबोचा
-
बांस से वार करने का आरोप
भुवनेश्वर। ओडिशा को झकझोर देने वाले बालियंता मॉब लिंचिंग मामले में सीआईडी क्राइम ब्रांच ने मुख्य आरोपी चिनु उर्फ रंजीत पात्र को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 7 मई 2026 को बालियंता थाना क्षेत्र के भिंगारपुर-काजा इलाके में हुई निर्मम पिटाई और मौत से जुड़ा है।
जांच एजेंसी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी 24 वर्षीय चिनु उर्फ रंजीत पात्र कटक सदर क्षेत्र के गंगेश्वरगढ़ का निवासी है। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पीड़ित के हाथ-पैर रस्सी से बांधने के बाद उसके सिर पर बांस के डंडे से हमला किया था। गंभीर चोट लगने से पीड़ित की मौत हो गई।
अब तक कुल 13 आरोपी गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने 11 मई को 22 वर्षीय बंटी उर्फ युधिष्ठिर जेना को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। चिनु की गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें 11 आरोपी पहले ही स्थानीय पुलिस की हिरासत में थे।
ठोस साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
सीआईडी अधिकारियों ने बताया कि यह गिरफ्तारी जांच के दौरान जुटाए गए ठोस साक्ष्यों के आधार पर की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
बालियंता मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 103(1)/3(5) के तहत दर्ज किया गया है। घटना की बर्बरता को लेकर पूरे राज्य में व्यापक चर्चा और चिंता देखी जा रही है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
