भुवनेश्वर। राज्य के विधि मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने परिसीमन को लेकर नवीन पटनायक की हालिया टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भ्रम पैदा करना एक वरिष्ठ नेता को शोभा नहीं देता। कानून मंत्री ने कहा कि परिसीमन को लेकर परोक्ष रूप से विरोध या इसे रोकने की मानसिकता से नवीन पटनायक को बाहर आना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान जनता के बीच अनावश्यक भ्रम उत्पन्न करते हैं।
हरिचंदन ने कहा कि केंद्र सरकार एक ऐतिहासिक निर्णय लेने की दिशा में आगे बढ़ रही है, ऐसे में सीटों की संख्या को लेकर भ्रम फैलाना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिसीमन के बाद यदि सीटों की संख्या बढ़ती है, तो यह लोकतंत्र को और मजबूत करने वाला कदम होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाने की मांग करना बीजद की एक राजनीतिक रणनीति हो सकती है। मंत्री के अनुसार, इस तरह का रुख परोक्ष रूप से महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों का विरोध करने जैसा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
