-
जंगल में घुसकर वन्यजीवों का शिकार करने का आरोप
-
नुआपड़ा से गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद
-
गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
नुआपड़ा। जिले के दो युवकों को छत्तीसगढ़ के बाघ अभयारण्य में अवैध रूप से प्रवेश कर वन्यजीवों का शिकार करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ और ओडिशा के वन विभाग की संयुक्त अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराम पहाड़िया और बरनसिंह पहाड़िया के रूप में हुई है, जो नुआपड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र के गंतियापाड़ा कटफर गांव के निवासी हैं।
यहां बताया गया है कि एक अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र के वन अधिकारी दिनेश चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी की गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया।
घर से मिले शिकार के उपकरण
जयराम पहाड़िया के घर की तलाशी के दौरान वन अधिकारियों को दो धनुष, पांच तीर और शिकार में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक घंटी बरामद हुई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय हथियारों के साथ बाघ अभयारण्य में प्रवेश कर शिकार करते थे।
अन्य संदिग्धों की तलाश जारी
आरोपियों ने पूछताछ के दौरान गांव के अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं, जो पहले भी शिकार गतिविधियों में शामिल रहे हैं। इसके बाद वन विभाग ने अन्य संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें गरियाबंद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
