Home / Odisha / एससीबी मेडिकल आग प्रकरण पर विधानसभा में हंगामा दारी

एससीबी मेडिकल आग प्रकरण पर विधानसभा में हंगामा दारी

  •           विपक्ष का आरोप-सरकार जिम्मेदारी तय करने से बच रही

  •           सरकार बोली-न्यायिक जांच जारी, दोषी बच नहीं पाएंगे

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में आज भी एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में लगी आग के मामले को लेकर भारी हंगामा हुआ। विपक्षी दलों ने स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही को कई बार बाधित करना पड़ा।

जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, बीजद और कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए वेल में पहुंच गए। लगातार शोर-शराबे के बीच स्पीकर को कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। सदन के बाहर भी विपक्ष ने अपना विरोध जारी रखा और गांधी प्रतिमा के सामने धरना दिया।

मार्च 17 से जारी गतिरोध

एससीबी मेडिकल में आग लगने की घटना के बाद से 17 मार्च से विधानसभा में लगातार गतिरोध बना हुआ है। स्पीकर द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में भी कोई सहमति नहीं बन सकी, जिससे स्थिति और जटिल हो गई है।

भाजपा ने प्रदर्शन को राजनीतिक बताया

भाजपा विधायक टंकधर त्रिपाठी ने विपक्षी दलों के प्रदर्शन को राजनीतिक बताया। उन्होंने कहा कि घटना के तुरंत बाद मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। सरकार की ओर से दो कमेटियां गठित की गई हैं और न्यायिक जांच भी जारी है, जिसकी एक निश्चित समय सीमा तय की गई है। त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस्तीफा मांग पर विवाद तेज

त्रिपाठी ने विपक्ष की इस्तीफा मांग पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछली सरकारों में भी ऐसे कई आरोप लगे थे, लेकिन तब किसी मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के तहत जांच पूरी होने के बाद ही जवाबदेही तय होगी।

लगातार आरोप-प्रत्यारोप तेज

लगातार आरोप-प्रत्यारोप और दोनों पक्षों के अड़े रुख के कारण विधानसभा में गतिरोध के जल्द खत्म होने की संभावना कम दिखाई दे रही है। एससीबी मेडिकल आग प्रकरण की जारी जांच ही आने वाले दिनों की राजनीतिक दिशा तय करेगी।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …