-
घबराकर खरीदारी न करें: मंत्री
भुवनेश्वर। ओडिशा के खाद्य आपूर्ति मंत्री कृष्ण चंद्र पात्र ने सोमवार को कहा कि राज्य में एलपीजी सिलिंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और लोगों से गैस की कमी की आशंका में घबराकर खरीदारी न करने की अपील की। भुवनेश्वर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में मंत्री ने बताया कि राज्य में प्रतिदिन लगभग 2,000 एलपीजी सिलिंडरों की मांग होती है, जबकि औसतन करीब 14,000 सिलिंडर रिजर्व में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि गैस की आपूर्ति को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है और लोग अनावश्यक रूप से अधिक सिलिंडर खरीदने से बचें।
मंत्री ने यह भी बताया कि होटल और रेस्टोरेंट को भी जल्द ही रसोई गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए एलपीजी आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले व्यावसायिक एलपीजी का आवंटन 20 प्रतिशत था, लेकिन केंद्र सरकार ने इसमें अतिरिक्त 20 प्रतिशत की स्वीकृति दे दी है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट को गैस उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। इसके अलावा आवंटन में 10 प्रतिशत और बढ़ाने पर भी चर्चा चल रही है, जिससे व्यावसायिक गैस की उपलब्धता लगभग 50 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है।
मंत्री ने कहा कि सोमवार से व्यावसायिक संस्थानों को लगभग 40 प्रतिशत गैस आपूर्ति मिलना शुरू हो जाएगा। अतिरिक्त 10 प्रतिशत आवंटन के लिए केंद्र सरकार की कुछ शर्तें हैं, जिन पर राज्य सरकार काम कर रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान किया जा रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
