Home / BUSINESS / बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1,097 अंक लुढ़का
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स 1,097 अंक लुढ़का

मुंबई। पश्चिम एशिया में संघर्ष के बीच हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को निवेशकों की धारणा कमजोर पड़ने से घरेलू शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ लाल निशान पर बंद हुआ। सेंसेक्स 1,097 अंक तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 315 अंक टूटकर बंद हुआ।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,097 अंक यानी 1.37 फीसदी लुढ़ककर 78,918.90 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,203.72 अंक टूटकर 78,812.18 अंक तक आ गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी 315.45 अंक यानी 1.27 फीसदी की गिरावट के साथ 24,450.45 के स्तर पर बंद हुआ है। सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में शामिल आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फिनसर्व और लार्सन एंड टुब्रो के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, सन फार्मा, एनटीपीसी, इन्फोसिस और एचसीएल टेक के शेयरों में बढ़त दर्ज की गई है।
इसके अलावा एशिया के अन्य प्रमुख शेयर बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए हैं। यूरोपीय बाजार दोपहर के सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार के जानकारों का कहना है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी शेयर बाजार पर दबाव बनाया। पश्चिम एशिया संकट गहराने से कच्चे तेल के दामों में तेजी के बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.53 फीसदी चढ़कर 87.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। बीएसई का सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 फीसदी की तेजी के साथ 80,015.90 के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 फीसदी की बढ़त के साथ 24,765.90 पर बंद हुआ था।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने भरा रिटर्न, आखिरी तारीख 31 जुलाई

नई दिल्ली। आकलन वर्ष 2026-27 के लिए अब तक 1.7 करोड़ से ज्यादा करदाताओं ने …