Home / Odisha / ओडिशा में होली की खुशियां मातम में बदलीं, 11 की मौत
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में होली की खुशियां मातम में बदलीं, 11 की मौत

  •     बैंक उपाध्यक्ष सहित सात लोगों की डूबकर मौत

  •     कंधमाल में आमने-सामने बाइक टक्कर में चार की जान गई

भुवनेश्वर। रंगों के त्योहार होली के बाद ओडिशा में अलग-अलग जिलों से आई दुखद खबरों ने पूरे राज्य को झकझोर दिया। नदियों और तालाबों में स्नान के दौरान डूबने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कंधमाल जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों ने जान गंवा दी। कुल मिलाकर 11 मौतों ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया।

जाजपुर में बैंक उपाध्यक्ष नदी में डूबे

जाजपुर जिले के ब्यासनगर क्षेत्र में एक बैंक के उपाध्यक्ष संग्राम अजिताभ दास (40) की खरस्रोता नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया गया कि होली मनाने के बाद दोपहर में स्नान करते समय उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में बह गए। उन्हें तुरंत जाजपुर रोड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वे पद्मपुर क्षेत्र के निवासी थे।

ब्राह्मणी नदी में एक युवक डूबा

इसी जिले में बारी क्षेत्र के हिरण्य कुमार बेहरिया की भी ब्राह्मणी नदी में स्नान के दौरान डूबने से जान चली गई।

कटक, सुंदरगढ़, केंदुझर और जगतसिंहपुर में भी दर्दनाक हादसे

कटक जिले के बाड़म्बा क्षेत्र में महानदी में स्नान करते समय नाबालिग जीवन बेहरा तेज धारा में बह गया। सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सुंदरगढ़ जिले के कुटरा क्षेत्र के लिटिबेड़ा गांव में छह वर्षीय अभिजीत टोप्पो और सात वर्षीय जिसम टोप्पो नामक दो चचेरे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। होली खेलने के बाद दोनों बच्चे घर से निकले थे। देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने तलाश की, तो गांव के पास तालाब में उनके शव मिले।

केंदुझर जिले के झुमपुरा क्षेत्र में सात वर्षीय अंकु गोप की भी तालाब में डूबने से मौत हो गई। वह अपने मामा के गांव सिजुकला में आया हुआ था और दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद नहाने गया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

जगतसिंहपुर जिले के बिरिडी ब्लॉक के दिआसाही गांव के संजय महापात्र की भी बिलुआखाई नदी में डूबने से मौत हो गई।

इस बीच केंद्रपाड़ा जिले के आउल थाना क्षेत्र के तुंगा गांव में 22 वर्षीय शुभ संकल्प बारिक खरस्रोता नदी में लापता हो गया। उसकी तलाश जारी है।

कंधमाल में भीषण सड़क हादसा

कंधमाल जिले में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, टिलु दिगल अपने गांव टकेरीगुड़ा से बालंदापड़ा होली मनाने जा रहे थे, तभी उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टिलु दिगल और बबुला कन्हार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर सवार बबीता कन्हार और तीन वर्षीय कार्तिक कन्हार उछलकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराए। स्थानीय लोगों ने घायलों को फूलबाणी जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कार्तिक और एक अन्य युवक बबना कन्हार की मौत हो गई। बबीता की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मृतक पांगा क्षेत्र के निवासी थे।

प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान और बाद में जल स्रोतों में स्नान करते समय विशेष सावधानी बरतें। तेज धारा वाले स्थानों से दूर रहें और बच्चों पर कड़ी नजर रखें। साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और यातायात नियमों का पालन अनिवार्य रूप से करें।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …