Home / Odisha / मारवाड़ी सोसायटी भुवनेश्वर के होली बंधुमिलन में छाईं मरु कोकिला सीमा मिश्रा
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मारवाड़ी सोसायटी भुवनेश्वर के होली बंधुमिलन में छाईं मरु कोकिला सीमा मिश्रा

  •     जनता मैदान में दिखा रंग, रस और राग का अद्भुत संगम

भुवनेश्वर। मारवाड़ी सोसायटी भुवनेश्वर ने 2 मार्च और 4 मार्च को स्थानीय जनता मैदान, जयदेव विहार में होलिका दहन तथा होली बंधुमिलन समारोह का भव्य और सफल आयोजन किया। रंग, उमंग और आपसी सौहार्द से सराबोर इस दो दिवसीय कार्यक्रम में समाज के सभी घटक संगठनों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

सुबह के सत्र में रंग-गुलाल का उत्सव हुआ, जबकि सायंकाल प्रीतिभोज के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को उल्लासमय बना दिया। आयोजन का मूल उद्देश्य समाज के सभी सदस्यों के बीच आपसी मेल-मिलाप को और मजबूत करना था, जिसे नाश्ता, भोजन और मनोरंजन के माध्यम से साकार किया गया।

सीमा मिश्रा ने बांधा समां

होली बंधुमिलन समारोह की मुख्य आकर्षण रहीं राजस्थान की सुप्रसिद्ध गायिका मरु कोकिला के नाम से विख्यात सीमा मिश्रा ने अपने एकल गायन और साथी कलाकारों के साथ मिलकर राजस्थानी होली गीतों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरा पंडाल झूम उठा।

चार मार्च से हिंदू पंचांग के अनुसार चैत्र माह की शुरुआत के अवसर पर उन्होंने अपनी गायकी के माध्यम से चैत्र मास की महत्ता को प्रेम, दांपत्य और प्रकृति के साथ जोड़ते हुए आनंदमय जीवन का संदेश दिया। उनके गीतों में लोक परंपरा, संस्कृति और आध्यात्मिक भावनाओं का सुंदर संगम दिखाई दिया।

नृत्यांगनाओं की थिरकन से देर रात तक सजा मंच

सीमा मिश्रा की टोली की नृत्यांगनाओं ने अपने भाव-भंगिमा और मनमोहक नृत्य से दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। लोकनृत्य की रंगत और पारंपरिक परिधानों की छटा ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

बिना औपचारिकता के आत्मीय आयोजन

सोसायटी के अध्यक्ष संजय लाठ ने बताया कि इस विराट आयोजन को सफल बनाने में समाज के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और घटक संगठनों का भरपूर सहयोग मिला। होली आयोजन समिति के चेयरमैन चेतन टेकरीवाल ने कहा कि कार्यक्रम ने समाज में आपसी सौहार्द और एकता की भावना को और प्रगाढ़ किया। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इतने बड़े आयोजन के बावजूद किसी प्रकार की औपचारिकता नहीं रखी गई, जिससे आत्मीयता का वातावरण बना रहा।

राजस्थानी परंपरा के साथ अतिथियों का सम्मान

कार्यक्रम की एक विशेष झलक यह रही कि सोसायटी के संरक्षक सुरेश कुमार अग्रवाल ने सभी अतिथियों का पारंपरिक राजस्थानी पगड़ी, अंगवस्त्र और बैज पहनाकर विधिवत स्वागत किया। यह दृश्य समाज की सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं के प्रति सम्मान को दर्शाता रहा।

सम्मान के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सोसायटी के सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में मरु गायिका सीमा मिश्रा को स्मृतिचिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। तालियों की गूंज और रंगों की उमंग के बीच संपन्न यह आयोजन समाज में एकता, प्रेम और सांस्कृतिक गौरव का संदेश देकर यादगार बन गया। इस अवसर पर सुभाष अग्रवाल, महेन्द्र कुमार गुप्ता, सुरेन्द्र डालमिया, अजय अग्रवाल, मनसुख लाल सेठिया, शिवकुमार अग्रवाल, जितेन्द्र मोहन गुप्ता, सीए सुरेन्द्र अग्रवाल, पवन गुप्ता, सज्जन सुरेखा, राजेश अग्रवाल, सुनिल अग्रवाल, रवि गोयल, रामावतार खेमका, सुशील अग्रवाल, सुभाष भुरा, उमेश खण्डेलवाल, गजानंद शर्मा, शिवकुमार शर्मा, सीए विपिन बांका, सीए विमल भूत, राजेश केजरीवाल, विजय टिबरीवाल तथा रमेश अग्रवाल आदि उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …