-
ओडिशा विजिलेंस ने की बड़ी कार्रवाई
-
विभाग के इतिहास में एक दिन की सबसे बड़ी जब्ती
-
30 हजार की रिश्वत लेते पकड़े गए, फिर हुई बड़ी छापेमारी
-
कोयला व्यवसायी से कथित वसूली के आरोप के बाद कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने भ्रष्टाचार विरोधी बड़ी कार्रवाई करते हुए कटक सर्किल के खनन उपनिदेशक देवव्रत मोहंती के भुवनेश्वर स्थित आवास से 4 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाबी नकदी जब्त की है। अधिकारियों के अनुसार यह विभाग के इतिहास में एक ही दिन में की गई सबसे बड़ी नकद बरामदगी है।
सूत्रों के अनुसार मंगलवार देर रात विजिलेंस टीम ने मोहंती को एक लाइसेंसधारी कोयला व्यवसायी से 30 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ा। यह राशि कोयला डिपो संचालन और परिवहन की अनुमति देने के बदले मांगी गई थी।
गिरफ्तारी के बाद आय से अधिक संपत्ति जांच के तहत एक साथ तीन स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसमें पटिया, भुवनेश्वर स्थित आवासीय फ्लैट, भद्रक जिले के मठसाही स्थित पैतृक घर तथा कटक स्थित कार्यालय कक्ष शामिल हैं।
पटिया फ्लैट से नोटों के बंडल बरामद
पटिया स्थित फ्लैट की तलाशी के दौरान टीम को ट्रॉली बैग और अलमारियों में छिपाकर रखे गए नोटों के बंडल मिले। कुल बरामद नकदी 4 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। अंतिम गणना जारी थी। कटक स्थित कार्यालय कक्ष से भी 1.20 लाख रुपये अतिरिक्त बरामद किए गए।
सोने के आभूषण और दो मंजिला मकान का भी खुलासा
जांच के दौरान भुवनेश्वर के पहाला क्षेत्र में लगभग 2400 वर्गफीट क्षेत्रफल का दो मंजिला मकान तथा करीब 130 ग्राम सोने के आभूषण मिलने की जानकारी भी सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर और तथ्य सामने आ सकते हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मोहंती के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत भुवनेश्वर विजिलेंस थाना में मामला दर्ज किया गया है। सभी चिह्नित स्थानों पर जांच जारी थी।
8 हजार वेतन से शुरू हुई थी सरकारी नौकरी
देवव्रत मोहंती (जन्म 7 मई 1968) ने 9 अगस्त 2004 को बलांगीर खनन कार्यालय में कनिष्ठ खनन अधिकारी के रूप में 8 हजार रुपये प्रारंभिक वेतन पर सरकारी सेवा शुरू की थी।
उन्होंने क्रमशः बारिपदा, ब्रह्मपुर, कटक और भुवनेश्वर में सेवाएं दीं। मार्च 2018 में सहायक खनन अधिकारी के पद पर पदोन्नत होकर संबलपुर में कार्यभार संभाला। वर्ष 2022 से दिसंबर 2025 तक फूलबाणी में खनन अधिकारी रहे। 7 जनवरी 2026 को वे कटक सर्किल के खनन उपनिदेशक के रूप में पदस्थ हुए। उनके अधिकार क्षेत्र में कटक और केंद्रापड़ा जिले शामिल हैं।
पहले भी हुई हैं बड़ी नकद बरामदगी
ओडिशा विजिलेंस द्वारा पूर्व में भी कई बड़े मामलों में करोड़ों रुपये की नकदी जब्त की जा चुकी है, लेकिन इस बार की कार्रवाई ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस कार्रवाई से ओडिशा के प्रशासनिक और खनन महकमे में हलचल मच गई है। जांच एजेंसियां संपत्ति के सत्यापन और दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे संभव हैं।
इससे पहले की गई टॉप-10 कैश जब्ती
1) 07.04.2022 को कार्तिकेश्वर राउल, एई, एमआई, भंजनगर, गंजाम के घर की तलाशी के दौरान 3,41,66,280 रुपये की कैश जब्ती।
2) 22/23.06.2023 को प्रशांत कुमार राउत, एडिशनल सब-कलेक्टर, नवरंगपुर, जिला-नवरंगपुर के घर की तलाशी के दौरान 3,12,30,800 रुपये की कैश जब्ती।
3) 30.05.2025 को बैकुंठ नाथ षाड़ंगी, चीफ इंजीनियर, प्लान रोड्स, आरडब्ल्यू डिपार्टमेंट, ओडिशा, भुवनेश्वर के घर की तलाशी के दौरान 2.56 करोड़ की कैश जब्ती।
4) 06.02.2025 को शांतनु महापात्र, डीडी एंड पीडी, वाटरशेड, मालकानगिरि के घर की तलाशी के दौरान 2.08 करोड़ कैश जब्त किया गया।
5) 03.03.2023 को उमेश चंद्र जेना, एडिशनल डायरेक्टर, डायरेक्टर ऑफ माइंस, भुवनेश्वर के घर की तलाशी के दौरान 1,64,00,000 रुपये कैश जब्त किया गया।
6) 25.07.2025 को राम चंद्र नेपक, डिप्टी रेंजर, जयपुर फॉरेस्ट रेंज, कोरापुट के घर की तलाशी के दौरान 1.43 करोड़ रुपये कैश ज़ब्त किया गया।
7) 25.03.2022 को आशीष कुमार दास, एसई, आरडब्ल्यू डिवीजन, मालकानगिरि के घर की तलाशी के दौरान 1,40,18,070 रुपये कैश जब्त किया गया।
8) 16.02.2022 को ट्रैप के बाद डॉ सुकांत जेना, गायनेकोलॉजिस्ट, चारिचाका सीएचसी के घर की तलाशी के दौरान 1,13,16,720 रुपये कैश जब्त किया गया।
9) 20/21.12.2022 को इडिकॉल के जॉइंट मैनेजर गया संतारा के घर की तलाशी के दौरान 1,06,44,500 रुपये कैश जब्त किया गया।
10) 24.02.2016 को आठगढ़, कटक के पूर्व डीएफओ, सुधांशु शेखर मिश्र के घर की तलाशी के दौरान 1,01,70,000 रुपये कैश जब्त किया गया।
भाजपा पर राजनीतिक हमले शुरू
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर हमला करते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने आरोप लगाया कि नकदी की बरामदगी ने राज्य में तथाकथित ‘‘डबल इंजन वाली सरकार’’ की देखरेख में फल-फूल रहे भ्रष्टाचार के व्यापक स्तर को उजागर किया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
