-
जगन्नाथ संस्कृति के संरक्षण हेतु 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान
भुवनेश्वर। वर्ष 2026–27 के बजट में ओडिशा सरकार ने पुरी में विश्वस्तरीय श्री जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी विरासत को संजोने के लिए श्री जगन्नाथ संग्रहालय और पुस्तकालय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा में बजट पेश करते हुए इसकी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता जगन्नाथ संस्कृति का संरक्षण और प्रसार है। इस महत्वाकांक्षी पहल के लिए 1000 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। इसके तहत पवित्र धाम पुरी स्थित गुंडिचा मंदिर, एमार मठ तथा रघुनंदन पुस्तकालय के विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
‘समर्पण’ डिजिटल हुंडी की शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘समर्पण’ नामक डिजिटल हुंडी की शुरुआत की गई है, जिससे देश-विदेश के भक्त ऑनलाइन माध्यम से दान कर सकेंगे। यह पहल 12वीं शताब्दी के इस पवित्र धाम से श्रद्धालुओं को सीधे जोड़ने का माध्यम बनेगी।
साथ ही, श्री जगन्नाथ मंदिर में सुरक्षित आभूषणों और अन्य मूल्यवान वस्तुओं की सूची तैयार करने के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया गया है। सरकार का मानना है कि यह कदम धार्मिक विरासत के सुव्यवस्थित संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
