Home / Odisha / भुवनेश्वर पहुंची छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर निकली ‘राष्ट्रीय गौरव यात्रा’
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भुवनेश्वर पहुंची छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती पर निकली ‘राष्ट्रीय गौरव यात्रा’

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश अध्यक्ष हुए शामिल

  •     भारत के साहसी और प्रगतिशील शासकों में अग्रणी थे छत्रपति शिवाजी महाराज – मोहन

भुवनेश्वर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकली “राष्ट्रीय गौरव यात्रा” आज भुवनेश्वर पहुंची। इसमें मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल शामिल हुए तथा पार्टी के राज्य कार्यालय में शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के साहसी और प्रगतिशील शासकों में अग्रणी थे। वे मराठा साम्राज्य के संस्थापक तथा उत्कृष्ट सेनानायक और प्रशासक के रूप में प्रसिद्ध रहे। उन्होंने मुगल साम्राज्य के विरुद्ध अनेक युद्धों में विजय प्राप्त की और वर्ष 1674 में “छत्रपति” के रूप में उनका राज्याभिषेक हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका साहस और जीवन-दर्शन आज भी समाज को निरंतर प्रेरित कर रहा है तथा उनका प्रशासनिक कौशल और सैन्य नेतृत्व आदर्श माना जाता है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व भारत के सर्वाधिक सम्मानित शासकों में से एक के जीवन और योगदान को स्मरण करने का अवसर है।

महाराष्ट्र के नासिक से पुरी के लिए निकली “राष्ट्रीय गौरव यात्रा” राज्य मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि यह यात्रा प्रेरणा का स्रोत है और देशभर में एकता, अखंडता तथा संप्रभुता की भावना को सुदृढ़ करेगी। उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज जन-जन के हृदय के सम्राट थे और उन्होंने सामान्य सैनिकों को असाधारण कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस यात्रा से विशेष रूप से युवाओं में आत्मविश्वास और नैतिक साहस बढ़ेगा तथा समाज को नई दिशा मिलेगी।

इस दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Share this news

About desk

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …