Home / Odisha / राज्यसभा चुनाव पर बीजद विधायक अरविंद महापात्र का बड़ा ऐलान
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

राज्यसभा चुनाव पर बीजद विधायक अरविंद महापात्र का बड़ा ऐलान

  •     कहा-स्वतंत्र रूप से मतदान करेंगे, निलंबन पर उठाए सवाल

भुवनेश्वर। राज्यसभा चुनाव को लेकर ओडिशा के पाटकुड़ा विधानसभा क्षेत्र से निलंबित बीजद विधायक अरविंद महापात्र ने एक बड़ा ऐलान किया है, जिससे राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में स्वतंत्र रूप से मतदान करने की बात कही है।

उन्होंने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें अब तक अपने निलंबन का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। महापात्र ने आरोप लगाया कि उन्होंने जिन सवालों को उठाया कि उनका जवाब पार्टी सुप्रीमो एवं नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक की ओर से नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उन्होंने भ्रष्टाचार और विश्वासघात से जुड़े आरोपों की सच्चाई की जांच की चुनौती दी थी, लेकिन उस पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

अब खुद को निर्दलीय मानता हूं

महापात्र ने कहा कि वे अब स्वयं को एक स्वतंत्र विधायक मानते हैं और आगामी राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारों की योग्यता के आधार पर मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने प्रतिप्रश्न किए थे, लेकिन अब तक कोई उत्तर नहीं मिला। जवाब देना या न देना उनके ऊपर है। विधायक के रूप में मेरे पास जो अधिकार पहले थे, वही अब भी हैं। मैं अपने क्षेत्र और जिले के लिए काम करता रहूंगा। राज्यभर की समितियों के साथ यात्रा के दौरान जो भी मुद्दे सामने आएंगे, उन्हें विधानसभा में उठाऊंगा।

राज्यसभा चुनाव पर बयान

महापात्र ने कहा कि राज्य में राज्यसभा चुनाव चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि चार सीटें रिक्त होने जा रही हैं। यदि केवल चार उम्मीदवार होंगे तो मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वे निर्वाचित हो जाएंगे। लेकिन यदि चार से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं, तो स्थिति अलग होगी और उसी अनुसार निर्णय लिया जाएगा।

नवीन पटनायक स्वयं देंगे स्पष्टीकरण – बीजद

महापात्र के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजद ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक स्वयं इस विषय पर स्पष्टीकरण देंगे। जब मीडिया ने बीजद नेता अनंत नारायण जेना से इस पर सवाल किया, तो उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि इस प्रश्न का उत्तर देने में मैं सक्षम नहीं हूं। पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक ही इस पर स्पष्टीकरण देंगे।

राजनीतिक हलकों में हलचल तेज

राजनीतिक हलकों में इस बयान के बाद हलचल तेज हो गई है और राज्यसभा चुनाव से पहले ओडिशा की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा शुरू हो गई है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …