-
कटक के निजी अस्पताल में आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर
कटक। ओड़िया संगीत जगत की वरिष्ठ गायिका गीता पटनायक को सेरेब्रल स्ट्रोक (मस्तिष्क आघात) आने के बाद कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों ने उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रखा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, गीता पटनायक गुरुवार को दिन में भुवनेश्वर में आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। कार्यक्रम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत कैपिटल अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक जांच में चिकित्सकों ने सेरेब्रल स्ट्रोक की पुष्टि की और बेहतर उपचार के लिए उन्हें कटक रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, मेडिकल टीम लगातार उनकी हालत पर नजर रखे हुए है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर फैलते ही प्रशंसकों, कलाकारों और साहित्यिक समुदाय में चिंता की लहर दौड़ गई है। अनेक लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रार्थनाएं की हैं।
गीता पटनायक 1970 के दशक से ओड़िया संगीत जगत की प्रमुख आवाज रही हैं। उन्होंने महान गायक अक्षय मोहंती के साथ कई यादगार गीत गाए, जो आज भी श्रोताओं के बीच लोकप्रिय हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
