Home / Odisha / नई दिल्ली में ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

नई दिल्ली में ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान

  • ‘परीक्षा पे चर्चा’ छात्रों के लिए सर्वश्रेष्ठ मार्गदर्शक बन चुकी है: धर्मेंद्र प्रधान

भुवनेश्वर ,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘परीक्षा पे चर्चा’ देश के करोड़ों विद्यार्थियों को नई दिशा दिखा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए छोटे-छोटे सुझाव और सरल उदाहरण छात्रों के मन से परीक्षा का भय दूर कर उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। यह कार्यक्रम छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए एक सशक्त मार्गदर्शक के रूप में उभरा है। यह बात केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कही। केन्द्रीय शिक्षा मत्री के कार्य़ालय द्वारा यह जानकारी दी गई है ।

केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा–2026’ की विशेष स्क्रीनिंग में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने सहयोगी सांसदों, मंत्रियों और बड़ी संख्या में उपस्थित छात्रों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री मोदी के मास्टरक्लास को देखा और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

‘परीक्षा पे चर्चा’ के नौवें संस्करण में दिए गए उपयोगी सुझावों के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के बौद्धिक और समग्र विकास पर केंद्रित है। यह विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें भयमुक्त वातावरण में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि आज ‘परीक्षा पे चर्चा’ एक राष्ट्रीय जनआंदोलन का रूप ले चुकी है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा समय प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य और पोषणयुक्त आहार पर दिए गए सुझाव न केवल छात्रों बल्कि शिक्षकों और अभिभावकों के लिए भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। यह अनूठा मार्गदर्शन छात्रों को ‘विकसित भारत’ के सशक्त सारथी के रूप में तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के अंत में धर्मेंद्र प्रधान ने आगामी परीक्षाओं के लिए सभी ‘एग्जाम वॉरियर्स’ को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि विद्यार्थी पूरे आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं का सामना करेंगे।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …