Home / Odisha / मुक्तेश्वर नृत्य महोत्सव-2026 का शुभांरभ
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

मुक्तेश्वर नृत्य महोत्सव-2026 का शुभांरभ

  •     मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किया उद्घाटन

  •     ऐतिहासिक मुक्तेश्वर मंदिर परिसर में ओडिशी नृत्य की भव्य शुरुआत

  •     25 जनवरी तक चलेगा पांच दिवसीय महोत्सव

भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार शाम राजधानी भुवनेश्वर के ऐतिहासिक मुक्तेश्वर मंदिर परिसर में मुक्तेश्वर नृत्य महोत्सव-2026 का भव्य उद्घाटन किया। यह महोत्सव ओडिशी नृत्य की समृद्ध परंपरा का उत्सव माना जाता है और राज्य के प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है।

हर वर्ष आयोजित होने वाला यह सांस्कृतिक महोत्सव 25 जनवरी तक चलेगा। पांच दिनों तक प्रतिदिन राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त ओडिशी नृत्य कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। महोत्सव में देश-विदेश से कला प्रेमी, पर्यटक और सांस्कृतिक रसिक बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।

ओडिशी नृत्य को वैश्विक पहचान दिलाने में अहम भूमिका

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मुक्तेश्वर मंदिर की स्थापत्य भव्यता और ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुक्तेश्वर नृत्य महोत्सव ने ओडिशी नृत्य को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

सांस्कृतिक पर्यटन को भी मिल रहा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह महोत्सव न केवल ओडिशी नृत्य की वैश्विक उपस्थिति को सशक्त करता है, बल्कि ओडिशा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पुरातात्विक धरोहर को सामने लाकर सांस्कृतिक पर्यटन को भी मजबूती प्रदान करता है। ऐतिहासिक स्थल पर आयोजित यह आयोजन राज्य की कला परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत करता है।

ओडिशा संगीत नाटक अकादमी का आयोजन

इस महोत्सव का आयोजन प्रतिवर्ष ओडिशा संगीत नाटक अकादमी द्वारा किया जाता है, जिसे ओडिशा सरकार के ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग का सहयोग प्राप्त होता है। वर्षों से यह महोत्सव भुवनेश्वर की पहचान बन चुका है और राज्य के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में गिना जाता है।

कई गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति

उद्घाटन समारोह में ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज, एकाम्र-भुवनेश्वर विधायक बाबू सिंह, संस्कृति सचिव विजय केतन उपाध्याय, अपर मुख्य सचिव देव प्रसाद दाश तथा ओडिशा संगीत नाटक अकादमी के सचिव चंद्रशेखर होता सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

मुक्तेश्वर नृत्य महोत्सव–2026 एक बार फिर ओडिशा की शास्त्रीय कला परंपरा और सांस्कृतिक गौरव को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर उजागर करता नजर आ रहा है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …