Home / Odisha / राउरकेला में चार्टर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग
rourkela राउरकेला में चार्टर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग

राउरकेला में चार्टर विमान की आपात क्रैश लैंडिंग

  • यात्रियों व क्रू मेंबर को अस्पताल पहुंचाया गया

  • भुवनेश्वर से राउरकेला जा रहा था विमान

राउरकेला/भुवनेश्वर। राउरकेला में चार्टर फ्लाइट की आपात क्रैश लैंडिंग का मामला सामने आया है। ओडिशा सरकार के अनुसार इंडिया वन एयर का कारवां 208 प्रकार का विमान (रजिस्ट्रेशन संख्या VT-KSS) भुवनेश्वर से राउरकेला के लिए उड़ान भर रहा था। विमान ने दोपहर 12:27 बजे उड़ान भरी थी। इसमें दो पायलट और चार यात्री सवार थे।

जालदा के पास कराई गई फोर्स लैंडिंग

सरकारी जानकारी के मुताबिक राउरकेला पहुंचने से लगभग 8 नॉटिकल मील पहले विमान को जालदा के पास आपात स्थिति में फोर्स लैंडिंग करानी पड़ी। पायलटों की सूझबूझ से सुरक्षित लैंडिंग संभव हो सकी, जिससे सभी यात्रियों और क्रू मेंबरों की जान बच गई।

घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया

आपात क्रैश लैंडिंग की घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और पायलटों व यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधाओं के लिए राउरकेला भेजा गया। फिलहाल तीन यात्रियों का इलाज जेपी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दो पायलट और एक यात्री राउरकेला सरकारी अस्पताल (आरजीएच) में उपचाराधीन हैं। सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई गई है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस, दमकल व प्रशासन मौके पर तैनात

घटना स्थल पर पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौजूद रहीं। फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के कमांड सेंटर के निर्देश पर त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, जिससे सभी को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।

डीजीसीए और एएआईबी को दी गई सूचना

विमान हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) को दे दी गई है। नियमों के अनुसार एयरलाइन की ओर से विस्तृत रिपोर्ट संबंधित एजेंसियों को सौंपी जाएगी।

स्थिति पर मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री की नजर

वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के अधीन नागरिक उड्डयन निदेशालय आपात क्रैश लैंडिंग के पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जिला प्रशासन के माध्यम से यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को यात्रियों, पायलटों और एजेंसियों को हर तरह का सहयोग देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री भी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।

मीडिया को आगे की जानकारी दी जाएगी

प्रशासन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी नए घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को समय-समय पर दी जाएगी। एयरलाइन की ओर से अलग से प्रेस नोट जारी किया जा रहा है।

Share this news

About admin

Check Also

सुभद्रा योजना के दो साल पूरे

    ओडिशा में घर-घर जलेगा ‘सुभद्रा दीप’     उपमुख्यमंत्री प्रभाती परिडा की अपील …