Home / Sports / हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की लगातार दूसरी जीत, जापान को 3-2 से हराया

हॉकी एशिया कप में भारतीय टीम की लगातार दूसरी जीत, जापान को 3-2 से हराया

राजगीर। बिहार के राजगीर स्थित राजगीर हॉकी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पुरुष एशिया कप 2025 में अपनी विजयी लय जारी रखते हुए पूल ‘ए’ के अपने दूसरे मैच में रविवार को जापान को 3-2 से हरा दिया। भारतीय टीम के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह (5वें मिनट, 46वें मिनट) और मंदीप सिंह (4वें मिनट) ने गोल किए, जबकि जापान के लिए कोसेई कावाबे (38वें मिनट, 59वें मिनट) ने दो गोल किए। इस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में आगे बढ़ते हुए सुपर 4 चरण में जगह पक्की कर ली है।

मैच में भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर की शानदार शुरुआत की। पहले पांच मिनट में ही लगातार दो गोल दागकर भारतीय टीम ने अपना दबदबा बना लिया। चौथे मिनट में मनदीप सिंह और पांचवें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। दूसरे क्वार्टर में जापान ने अपने प्रदर्शन में सुधार किया और दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। 19वें मिनट में जापान गोल करने के करीब पहुंचा, लेकिन मामूली अंतर से चूक गया। इसके बाद 24वें मिनट में जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन जरमनप्रीत ने उसे लाइन पर ही बचा लिया और रीटेक के लिए क्लियर कर दिया, जिसे अंततः भारत ने रोक दिया। भारत को पहले हाफ के अंत में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अमित रोहिदास अपनी ड्रैगफ्लिक से गोल नहीं कर पाए।

जापान ने तीसरे क्वार्टर में कोसेई कावाबे की मदद से 38वें मिनट में अपना पहला गोल किया। इस गोल के बाद जापान ने बराबरी की तलाश में आक्रामक हमले शुरू किए, लेकिन भारत ने सुनिश्चित किया कि वह गेंद पर नियंत्रण बनाए रखे और खेल की गति को नियंत्रित रखे। यह क्वार्टर खत्म होने से कुछ ही सेकेंड पहले भारत को एक महत्वपूर्ण पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह (46वें मिनट) ने गोलकीपर के पैरों के बीच से खूबसूरती से गोल में बदलकर भारत के लिए दो गोल की बढ़त हासिल कर ली।

अंतिम क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में जापान को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने लगातार दो अविश्वसनीय गोल बचाए। मैच के अंतिम क्षणों में जापान के कोसेई कावाबे (59वें मिनट) ने दिन का अपना दूसरा गोल दागा। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत को अंतिम मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया। भारत के 10 खिलाड़ी ही बचे थे, लेकिन टीम ने धैर्य नहीं खोया और डटे रहकर बढ़त को बरकरार रखा। अंतत: भारतीय टीम 3-2 से विजयी हुई।

भारतीय टीम ने अपने अभियान की शुरुआत चीन को 4-3 से हराकर की थी। अब टीम पुरुष एशिया कप 2025 में अपने अगले मैच में सोमवार को कजाकिस्तान से भिड़ेगी।
साभार – हिस

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

फीफा विश्व कप : हैरी केन ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ गोल्फ खेलने की पुष्टि की, बोले- यह एक अविस्मरणीय अनुभव था

मियामी। इंग्लैंड फुटबॉल टीम के कप्तान हैरी केन ने पुष्टि की है कि उन्होंने करीब …